Kedarnath Dham: खुले केदारनाथ धाम के कपाट, सेना ने हेलिकॉप्टर से बरसाए फूल

Kedarnath Dham: केदारनाथ धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आज से खोल दिए गए हैं. जैसे ही मंदिर के द्वार खुले, पूरे धाम में ”हर-हर महादेव” और ”जय बाबा केदार” के जयकारे गूंजने लगे.

Kedarnath Dham: चारधाम यात्रा के चौथे दिन बुधवार सुबह 8 बजे केदारनाथ धाम के कपाट विधिवत खोल दिए गए हैं। परंपरा के अनुसार सबसे पहले मंदिर के पूर्व द्वार को खोला गया और मुख्य पुजारी, रावल व हक-हकूकधारियों ने अंदर प्रवेश कर पूजा-अर्चना शुरू की। चारों ओर भक्तिमय माहौल बन गया।

सीएम पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ धाम में मौजूद रहे। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही ‘हर हर महादेव’ का जयकारा लगाया। सोशल मीडिया एक्स पर एक लंबे पत्र के जरिए उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने चार धाम यात्रा को सनातन संस्कृति के दर्शन से जोड़ा।

सुबह शुरू हुए थे धार्मिक अनुष्ठान

प्रातः लगभग 4 बजे से ही धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए थे। पंचमुखी डोली की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान की डोली को मंदिर प्रांगण में लाया गया, जहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत कपाट खोलने की तैयारियां पूरी की गईं।

आठ बजे खुले कपाट

ठीक 8 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही सर्वप्रथम भगवान की पंचमुखी डोली को गर्भगृह में प्रवेश कराया गया और सभी धार्मिक औपचारिकताओं के पश्चात भगवान केदारनाथ विधिवत विराजमान हुए।

बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालु

इस भव्य आयोजन के साथ ही बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का सिलसिला शुरू हो गया है। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के इस अद्भुत संगम ने पूरे केदारनाथ धाम को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। इस दौरान हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने और पूरा धाम भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। कपाट उद्घाटन के दौरान हेलीकॉप्टर से मंदिर पर भव्य पुष्प वर्षा की गई, जिसने श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था को और भी बढ़ा दिया।

Back to top button