
RR vs LSG: बल्लेबाजों ने डुबोई लुटिया… RR से मिली हार के बाद बौखलाए ऋषभ पंत
LSG vs RR Rishabh Pant Reaction: IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली 40 रनों की हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने अपनी टीम की बल्लेबाजी पर सवाल उठाए हैं।
IPL 2026, LSG vs RR Rishabh Pant Reaction: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की स्थिति लगातार नाजुक होती जा रही है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली 40 रनों की करारी शिकस्त के बाद कप्तान ऋषभ पंत काफी हताश और निराश नजर आए। मैच के बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी यूनिट को आड़े हाथों लिया और हार की जिम्मेदारी खुद पर भी ली। जानिए पंत ने हार के बाद क्या कहा।
लखनऊ की करारी हार
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स की पूरी टीम महज 119 रनों पर ढेर हो गई। यह लखनऊ की इस सीजन की 7 मैचों में 5वीं हार है।
बल्लेबाजी ने डुबोया– ऋषभ पंत
मैच खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान ऋषभ पंत ने खुलकर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, “मुझे समझ नहीं आ रहा कि आज क्या हुआ। हमारे गेंदबाजों ने शानदार काम किया था, लेकिन बल्लेबाजी यूनिट अपना काम करने में पूरी तरह विफल रही। एक टीम के रूप में हम निराश हैं।”
पंत ने आगे कहा कि हार के बहाने ढूंढने के बजाय टीम को अपनी गलतियों पर आत्ममंथन करना होगा। उन्होंने कहा, “हमें जवाब बाहर नहीं, बल्कि अपने अंदर खोजने होंगे। बल्लेबाजी करते समय हमें थोड़ा और समय लेना चाहिए था। मैं किसी को दोष नहीं दे रहा, इसमें मैं खुद को भी शामिल कर रहा हूँ। हमें जिम्मेदारी लेनी होगी।”
ये भी पढ़े- Virat Kohli: वन8 कम्यून पर लगा ताला, विराट कोहली ने रेस्टोरेंट से तोड़ा रिश्ता
प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल
लखनऊ की इस शर्मनाक बल्लेबाजी में न केवल कप्तान पंत, बल्कि उपकप्तान निकोलस पूरन और एडन मार्करम भी फ्लॉप रहे। अपने घरेलू मैदान पर लगातार मिली इस हार ने एलएसजी के लिए प्लेऑफ के समीकरण बिगाड़ दिए हैं।
ये भी पढ़े- IPL 2026: तिलक वर्मा के तूफान में कई रिकॉर्ड ध्वस्त, बल्ले से मचाया बवंडर





