
“हम हारे नहीं, हराए गए… चुनाव आयोग सबसे बड़ा विलेन”, ममता का आरोप
Mamata Banerjee PC: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव नहीं हारी, बल्कि उन्हें “हराया गया” है और इसके लिए उन्होंने सीधे तौर पर भारत निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार ठहराया।
“EC ने BJP को जिताने में भूमिका निभाई”
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर जीत हासिल की है। उन्होंने कहा,
“हमारी लड़ाई बीजेपी से नहीं, चुनाव आयोग से थी। मैंने अपने राजनीतिक जीवन में ऐसा चुनाव कभी नहीं देखा।”
उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची संशोधन (SIR) के दौरान करीब 90 लाख वोट हटाए गए, जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित हुए। ममता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने “100 सीटों की लूट” की है।
मोदी-शाह पर भी साधा निशाना
ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने मिलकर तृणमूल कांग्रेस को हराने के लिए हर संभव रणनीति अपनाई।
हिंसा और डराने-धमकाने के आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान और बाद में टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि अनुसूचित जाति और जनजाति समुदायों के परिवारों को निशाना बनाया गया और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई।
ममता ने पुलिस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन मूकदर्शक बना रहा और समय पर कार्रवाई नहीं की गई।
यह भी पढ़ें…
बर्तन मांजने वाली महिला बनी विधायक! कलिता माझी की प्रेरणादायक जीत…
INDIA ब्लॉक का मिला समर्थन
ममता बनर्जी ने बताया कि विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ के कई नेताओं ने उन्हें समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, उद्धव ठाकरे, हेमंत सोरेन और तेजस्वी यादव ने फोन कर उनका समर्थन किया। साथ ही, अखिलेश यादव के अगले दिन मिलने आने की भी बात कही।
यह भी पढ़ें…
ऐतिहासिक जीत के बाद BJP तैयार, बंगाल में शपथ ग्रहण के लिए चुना ये खास दिन…
“लड़ाई जारी रहेगी”
ममता बनर्जी ने स्पष्ट किया कि हार के बावजूद उनकी राजनीतिक लड़ाई खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “अब मैं आजाद पंछी की तरह हूं, लेकिन हम लड़ना नहीं छोड़ेंगे।”
उन्होंने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी जनता के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
यह भी पढ़ें…





