UP Storm: यूपी में कुदरत का कहर, आंधी-तूफान और बारिश से अब तक 47 मौत

UP Storm News: यूपीमें भीषण आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 47 लोगों की मौत। प्रयागराज, कानपुर और बरेली में सबसे ज्यादा नुकसान। मुख्यमंत्री योगी ने राहत और मुआवजे के आदेश दिए।

UP Storm News: उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुए हादसों में अब तक कुल 47 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, यह तबाही पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान से आने वाली चक्रवाती हवाओं के कारण हुई है।

प्रयागराज में सबसे ज्यादा तबाही

तूफान का सबसे भयावह रूप प्रयागराज मंडल में देखने को मिला। अकेले प्रयागराज जिले में 16 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 10 मौतें हंडिया क्षेत्र में हुईं। प्रतापगढ़ में 4 और कौशांबी में 1 व्यक्ति की जान गई। चक्रवाती आंधी इतनी तेज थी कि करीब 2000 से अधिक पेड़ जड़ से उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर गए।

कानपुर और बरेली मंडल का हाल

कानपुर और आसपास के जिलों में 12 लोगों की जान गई है। उन्नाव में एक बच्चे सहित 3 लोगों की मौत हुई, जबकि फतेहपुर में दीवार गिरने और पेड़ टूटने से 7 लोगों की मौत की खबर है। बरेली और बदायूं मंडल में भी आंधी ने 9 लोगों की जान ले ली। सीतापुर, लखीमपुर और हरदोई में बिजली गिरने और दीवार ढहने से कुल 5 लोगों की मौत हुई है।

सड़क और रेल यातायात ठप

तेज हवाओं के कारण नेशनल हाईवे और रेल पटरियों पर पेड़ गिर गए। प्रयागराज-लखनऊ रेल मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस सवा घंटे तक खड़ी रही। उन्नाव-रायबरेली रेल मार्ग भी घंटों बाधित रहा। हजारों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिसे बहाल करने के लिए बिजली विभाग की टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही हैं।

ये भी पढ़े- UP Weather: यूपी में तीखे हुए सूरज के तेवर, ‘हीटवेव’ से संभलकर रहें राजधानी वाले

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आपदा पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और राहत कार्य में तेजी लाने का आदेश दिया है। सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों और घायलों को 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। फसलों और पशुओं के नुकसान का सर्वे कर जल्द रिपोर्ट भेजने को भी कहा गया है।

ये भी पढ़े- मंत्रिमंडल विस्तार के बाद एक्शन मोड में CM योगी, आज देंगे बड़े निर्देश…

Back to top button