
UP News: तरबूज खाने के बाद खाई मैगी, गोरखपुर में एक ही परिवार के 11 लोग बीमार!
UP News: गोरखपुर में एक ही परिवार के 11 सदस्यों की तबीयत खराब होने से अफरातफरी मच गई। मरीजों में 2 साल के बच्चे से लेकर 80 साल के बुजुर्ग शामिल हैं।
UP News: यूपी के गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मैगी और तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के 11 लोग बीमार पड़ गए। उल्टी, दस्त और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेलीपार थाना क्षेत्र में मलांव गांव के रहने वाले बैजनाथ पांडेय, उनके भाई अमरनाथ पांडेय और उनकी पत्नी शैल कुमारी सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने गांव की एक दुकान से मैगी मंगवाकर खाया। कुछ देर बाद साइकिल से तरबूज बेच रहे एक व्यक्ति से तरबूज खरीदकर सभी सदस्यों ने खाया।
मासूमों की हालत नाजुक
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीके सुमन ने बताया कि बीमारों में बैजनाथ पांडेय, उनके भाई अमरनाथ पांडेय, शैल कुमारी, अंशु पांडेय, पूर्णिमा पांडेय, वेदांत, हन्नू, नेहा पांडेय, जगदीश दुबे और खजनी के पिपरा बनवारी निवासी सौरभ त्रिपाठी शामिल हैं। तीन मासूमों की हालत कुछ नाजुक है। उन्हें उल्टी-दस्त से डिहाइड्रेशन हो गया। सभी को एहतियातन गहन निगरानी में रखा गया है। उन्हें ड्रिप चढ़ाई जा रही है।
साइकिल से तरबूज बेचने आए शख्स से खरीदा था फल
सीएमएस डॉ. वीके सुमन से मिली जानकारी के अनुसार, बेलीपार थाना क्षेत्र के मलाव गांव में बुधवार शाम करीब 7 बजे एक परिवार के सभी सदस्यों ने पहले तरबूज खाया जिसे गांव में साइकिल से बेचने आए एक व्यक्ति से खरीदा गया था। तरबूज खाने के लगभग एक घंटे के बाद मैगी बना कर खा लिया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई।
ये भी पढ़े- UP News: इश्क में ‘डकैत’ बनी कारोबारी की बेटी, प्रेमी संग मिलकर लुटवा दिया घर…
डॉ. आरपी गौतम ने बताया कि जिला अस्पताल में एक ही परिवार के कुल 9 मरीज गंभीर हालत में आएं थे। जिन्हें तत्काल भर्ती किया गया। फ़िलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज हो रहा है। हालत सामान्य होने पर ही डिस्चार्ज किया जाएगा।
डॉक्टरों का कहना है कि मरीजों की हालत फूड पॉइजनिंग की वजह से बिगड़ सकती है। वहीं, CMO डॉ. राजेश झा ने बताया कि सही कारणों की जांच के लिए डॉक्टरों की एक टीम को गांव भेजा जाएगा। फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है।
ये भी पढ़े- Gorakhpur में प्यार की अनोखी मिसाल, ICU में भर्ती दुल्हन की दूल्हे ने भरी मांग…





