
Love Story बनी Crime Story, प्रेमी संग मिलकर बेटी ने करवाई करोड़ों की लूट
UP News: मुरादाबाद के नागफनी इलाके में एक पीतल कारोबारी के घर हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घर की बेटी ने ही अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया
UP News: उत्तर प्रदेश के Moradabad में एक चौंकाने वाला डकैती कांड सामने आया है, जहां एक पीतल कारोबारी की बेटी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर खुद के ही घर में सवा करोड़ रुपये की डकैती करवा दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि प्रेम विवाह में परिवार की रुकावट और नई जिंदगी शुरू करने की चाहत ने इस सनसनीखेज वारदात को जन्म दिया। अरीबा अपने प्रेमी अरशद वारसी से निकाह करने से पहले उसे करोड़पति बनाना चाहती थी। इसके लिए उसने अरशद को अपने ही घर में लूटपाट की वारदात करने के लिए तैयार कर लिया था।
11 मई को हुई थी बड़ी डकैती
जानकारी के अनुसार, थाना नागफनी क्षेत्र के अकबर कंपाउंड में रहने वाले पीतल कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर 11 मई की सुबह करीब चार बजे डकैती हुई थी। बदमाश घर से करीब 1.20 करोड़ रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए थे। मामले की जांच में पुलिस को परिवार के भीतर की साजिश का शक हुआ, जिसके बाद पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।
प्रेम संबंध बना डकैती की वजह
पुलिस के मुताबिक कारोबारी की बेटी अरीबा का प्रेम संबंध अमरोहा जिले के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के मकदूमपुर निवासी अरशद वारसी से था। दोनों की मुलाकात साल 2018 में अरीबा की चचेरी बहन के जरिए हुई थी। उस समय अरशद दिल्ली रोड स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा था।
धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन पर बातचीत बढ़ी और रिश्ता प्रेम प्रसंग में बदल गया। बाद में दोनों चोरी-छिपे मिलने लगे। बताया जा रहा है कि अरशद कई बार रात में अरीबा के घर भी आता-जाता था।
लखनऊ में बदलेगा ‘राम भवन’ का स्वरूप, विश्व हिंदू परिषद ने शुरू की तैयारी…
अलग बिरादरी होने से परिवार था खिलाफ
करीब दो साल पहले दोनों ने निकाह करने का फैसला किया था, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। अरीबा शेख सिद्दीकी बिरादरी से है जबकि अरशद सैफी बिरादरी से संबंध रखता है। इसके अलावा दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति में भी बड़ा अंतर था।
परिवार की नाराजगी के बाद अरीबा पर कई पाबंदियां लगा दी गईं। इसके बाद उसने प्रेमी के साथ भागकर शादी करने की योजना बनाई। पुलिस का कहना है कि अरीबा चाहती थी कि शादी से पहले उसका प्रेमी आर्थिक रूप से मजबूत हो जाए।
बेटी ने ही सौंप दी थीं घर की चाबियां
जांच में सामने आया कि अरीबा ने पहले ही घर की चाबियां अपने प्रेमी अरशद को दे दी थीं। वारदात वाली रात उसने डिजिटल लॉक खोलकर बदमाशों को घर के अंदर दाखिल कराया।
पुलिस के अनुसार अरीबा लगातार फोन पर अरशद को घर की गतिविधियों की जानकारी देती रही। करीब दस मिनट के भीतर आरोपी नकदी लेकर फरार हो गए।
ये भी पढ़े- समय पर नहीं हो पाएंगे पंचायत चुनाव? प्रधान संघ ने CM को भेजा ज्ञापन…
प्रेमी को करोड़पति बनाने की थी योजना
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अरीबा ने ही अरशद को घर में लूटपाट के लिए उकसाया था। उसने प्रेमी को बताया था कि घर में करीब 1.20 करोड़ रुपये नकद रखे हैं। इसके बाद अरशद ने अपने तीन साथियों को तैयार किया और सभी आरोपी कार से मुरादाबाद पहुंचे।
डकैती के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया। फिलहाल अरीबा, उसके प्रेमी अरशद वारसी और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।





