महंगे पेट्रोल-डीजल ने बढ़ाई टेंशन; गाजियाबाद में मचा हड़कंप, कई पंप हुए खाली

Ghaziabad News: पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार को अफरा-तफरी जैसे हालात देखने को मिले। ट्रांस हिंडन क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों में आने वाले दिनों में ईंधन संकट और कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका साफ दिखाई दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक ज्यादातर वाहन चालक अपनी गाड़ियों के टैंक फुल करवाने पहुंचे थे। कई जगहों पर इतनी भीड़ उमड़ी कि पेट्रोल पंपों पर ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई।

कई पेट्रोल पंपों पर खत्म हुआ तेल
दैनिक जागरण की पड़ताल के दौरान वसुंधरा सेक्टर-16, प्रहलादगढ़ी, वैशाली सेक्टर-9 और वैशाली सेक्टर-1 स्थित पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी गई। सबसे ज्यादा परेशानी प्रहलादगढ़ी और वैशाली सेक्टर-9 के पेट्रोल पंपों पर सामने आई, जहां तेल खत्म होने की वजह से लोगों को बिना ईंधन लिए वापस लौटना पड़ा।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों का कहना था कि अचानक बढ़ी मांग के कारण स्टॉक तेजी से खत्म हो गया। कई जगहों पर सप्लाई का इंतजार किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें…

गोरखपुर को मिली इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की सौगात, सीएम योगी ने किया शिलान्यास…

लोगों में बढ़ी चिंता
ईंधन लेने पहुंचे लोगों का कहना था कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आगे हालात और बिगड़ सकते हैं। इसी आशंका के चलते लोग अतिरिक्त पेट्रोल और डीजल भरवा रहे हैं।

कुछ लोगों ने कहा कि यदि कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो रोजमर्रा का बजट बिगड़ जाएगा। वहीं ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों ने भी चिंता जताई कि महंगे ईंधन का असर किराए और माल ढुलाई पर पड़ेगा।

यह भी पढ़ें…

सुवेंदु अधिकारी के पूर्व PA हत्याकांड में CBI की एंट्री, जांच टीम बलिया पहुंची

प्रशासन और तेल कंपनियां अलर्ट
स्थिति को देखते हुए तेल कंपनियों और स्थानीय प्रशासन ने सप्लाई व्यवस्था पर नजर बनाए रखी है। अधिकारियों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है और जल्द ही सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

हालांकि, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद जिस तरह अचानक भीड़ उमड़ी, उसने साफ संकेत दे दिए हैं कि लोगों में ईंधन संकट को लेकर चिंता तेजी से बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें…

BBD Student Protest: BBD यूनिवर्सिटी में मेस के खाने को लेकर बवाल, छात्रों ने किया हंगामा

Back to top button