शांति वार्ता से पहले अमेरिका ने ईरान के सामने रखीं 5 बड़ी मांगें, मुआवजे से इनकार…

Iran US War Ceasefire Conditions: United States और Iran के बीच जारी तनाव और संभावित शांति वार्ता को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘फार्स न्यूज’ के मुताबिक अमेरिका ने युद्धविराम और तनाव कम करने के लिए तेहरान के सामने पांच अहम शर्तें रखी हैं।

हालांकि इन शर्तों को लेकर अभी तक न तो अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है और न ही ईरान ने सार्वजनिक रूप से इसकी पुष्टि की है। बावजूद इसके, इस रिपोर्ट ने पश्चिम एशिया की कूटनीति में हलचल बढ़ा दी है।

अमेरिका की बताई गईं 5 प्रमुख शर्तें
रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका ने ईरान के सामने जो प्रमुख शर्तें रखी हैं, उनमें सबसे पहली शर्त यह है कि हालिया सैन्य कार्रवाई और बमबारी से हुए नुकसान का कोई मुआवजा नहीं दिया जाएगा।

दूसरी बड़ी शर्त के तहत अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने पास मौजूद लगभग 400 किलोग्राम एनरिच्ड यूरेनियम अमेरिका को सौंप दे। इसे ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

तीसरी शर्त यह बताई गई है कि ईरान में केवल एक परमाणु केंद्र ही सक्रिय रखा जाए, जबकि बाकी परमाणु गतिविधियों को सीमित किया जाए।

चौथी शर्त के मुताबिक अमेरिका ईरान की विदेशों में फ्रीज की गई संपत्तियों में से केवल 25 प्रतिशत राशि ही जारी करने के पक्ष में है। ईरान लंबे समय से अपनी जब्त संपत्तियों को वापस लेने की मांग करता रहा है।

पांचवीं शर्त में क्षेत्रीय संघर्षों, खासकर लेबनान और उससे जुड़े मोर्चों पर तनाव खत्म करने के लिए बातचीत का रास्ता अपनाने की बात कही गई है।

यह भी पढ़ें…

Trump का बड़ा दावा, अफ्रीका में छिपा ISIS कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी ढेर…

परमाणु कार्यक्रम सबसे बड़ा मुद्दा
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच विवाद का सबसे संवेदनशील मुद्दा परमाणु कार्यक्रम ही है। वॉशिंगटन लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि ईरान यूरेनियम संवर्धन के जरिए परमाणु हथियार क्षमता विकसित करने की दिशा में बढ़ रहा है, जबकि तेहरान लगातार इन आरोपों से इनकार करता रहा है।

400 किलोग्राम एनरिच्ड यूरेनियम सौंपने की मांग को अमेरिका की रणनीतिक प्राथमिकता के तौर पर देखा जा रहा है। इससे ईरान की परमाणु क्षमता सीमित करने की कोशिश मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें…

BRICS बैठक में गरमाया पश्चिम एशिया विवाद, ईरान-यूएई आमने-सामने…

पश्चिम एशिया में बढ़ सकता है कूटनीतिक दबाव
अगर फार्स न्यूज की रिपोर्ट सही साबित होती है तो आने वाले दिनों में पश्चिम एशिया की राजनीति और कूटनीति पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक ईरान इन शर्तों को आसानी से स्वीकार नहीं करेगा, खासकर मुआवजा और परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी मांगों पर। वहीं अमेरिका क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा के मुद्दे पर दबाव बनाए रखना चाहता है।

फिलहाल दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या दोनों देशों के बीच बातचीत आगे बढ़ती है या फिर तनाव और गहराता है।

यह भी पढ़ें…

Hormuz स्ट्रेट में फिर निशाने पर भारतीय जहाज, समुद्री व्यापार में बढ़ी चिंता…

Back to top button