Hormuz स्ट्रेट में फिर निशाने पर भारतीय जहाज, समुद्री व्यापार में बढ़ी चिंता…

Strait of Hormuz: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट एक बार फिर खतरनाक समुद्री संघर्ष का केंद्र बन गया है। इसी बीच गुजरात के द्वारका से जुड़ा एक और मालवाहक जहाज हादसे का शिकार हो गया। ‘MSV हाजी अली’ नामक जहाज ओमान के समुद्री तट के पास संदिग्ध हमले के बाद डूब गया। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया।

ओमान तट के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ‘MSV हाजी अली’ जहाज सोमालिया के बेरबेरा पोर्ट से संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह के लिए रवाना हुआ था। 13 मई की तड़के करीब 3:30 बजे जब जहाज ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी अचानक उसमें जोरदार धमाका हुआ।

जहाज मालिक और गुजरात के द्वारका निवासी सुलतान अहमद अंसार ने बताया कि क्रू मेंबर्स ने किसी ड्रोन, मिसाइल या विस्फोटक वस्तु के जहाज से टकराने जैसी आवाज सुनी थी। इसके तुरंत बाद जहाज में आग लग गई और हालात तेजी से बिगड़ने लगे।

आग के बाद जहाज छोड़ने को मजबूर हुए नाविक
धमाके और आग लगने के बाद जहाज पर अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद सभी 14 क्रू मेंबर्स ने इमरजेंसी प्रोटोकॉल के तहत लाइफ बोट की मदद से जहाज छोड़ दिया। समुद्र में कई घंटे तक मदद का इंतजार करने के बाद ओमान कोस्टगार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि जहाज पूरी तरह समुद्र में समा गया। हादसे के बाद समुद्री सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में निगरानी और बढ़ा दी है।

होर्मुज स्ट्रेट बना तनाव का केंद्र
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में गिना जाता है। वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के कारण इस इलाके में बीते कुछ दिनों से सैन्य गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं। ड्रोन हमले, मिसाइल अलर्ट और नौसैनिक फायरिंग की घटनाओं ने व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा बढ़ा दिया है।

यह भी पढ़ें…

Baloch Rebels ने पाक सेना पर बोला हमला, जवाबी कार्रवाई में 7 उग्रवादी ढेर…

7 मई को भी गुजरात का जहाज हुआ था निशाना
यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 7 मई को गुजरात के द्वारका का ही एक अन्य मालवाहक जहाज ‘MSV AL फैज नूरे सुलेमानी-I’ भी होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय अमेरिका और ईरान की नौसेनाओं के बीच हुई फायरिंग की चपेट में आ गया था। उस घटना के बाद भी भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

लगातार दूसरी घटना के बाद गुजरात के समुद्री व्यापार से जुड़े लोगों में भय और चिंता का माहौल है। जहाज मालिकों का कहना है कि मौजूदा हालात में खाड़ी देशों के समुद्री मार्ग बेहद जोखिम भरे हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें…

Hormuz संकट ने बदले ट्रंप के तेवर! कल तक चीन को कोस रहे थे, अब मांग रहे मदद…

भारत सरकार की नजर हालात पर
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय दूतावास और समुद्री सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाड़ी क्षेत्र में विशेष निगरानी की जा रही है। वहीं, जहाज पर हुए कथित हमले की जांच ओमान की समुद्री सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं।

यह भी पढ़ें…

Middle East संकट ने बढ़ाई GCC देशों की चिंता, क्या अमेरिका पर भरोसा हुआ कमजोर?

Back to top button