
Meta का नया कमाई मॉडल! WhatsApp, Facebook और Instagram पर Subscription…
Meta Plus Subscription: मेटा ने अपनी सोशल मीडिया ऐप्स के पेड सब्सक्रिप्शन लॉन्च किए हैं. प्लस नाम से आए इन प्लान में एक्सक्लुसिव फीचर्स दिए जाएंगे.
Meta Plus Subscription: सोशल मीडिया और मैसेजिंग की दुनिया की बड़ी कंपनी Meta ने अपने लोकप्रिय प्लेटफॉर्म्स Instagram, Facebook और WhatsApp के लिए नए Paid Plus Subscription Plans लॉन्च कर दिए हैं. कंपनी ने इसके साथ नए ‘Meta One’ प्लान्स की भी घोषणा की है. यह कदम दिखाता है कि Meta अब केवल विज्ञापनों से कमाई करने पर निर्भर नहीं रहना चाहती, बल्कि Subscription Model को भी तेजी से बढ़ा रही है.
अब यूजर्स को Instagram Plus, Facebook Plus और WhatsApp Plus जैसे नए प्रीमियम प्लान्स मिलेंगे, जिनमें कई एडवांस फीचर्स और एक्सक्लूसिव टूल्स दिए जाएंगे. Meta का कहना है कि ये फीचर्स उन लोगों के लिए बनाए गए हैं जो सोशल मीडिया और AI टूल्स का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं.\
किस ऐप के सब्सक्रिप्शन प्लान में क्या फीचर्स?
इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस सब्सक्राइबर यह देख पाएंगे कि कितने लोगों ने उनकी स्टोरी को रीवॉच किया है. इसके अलावा उन्हें अनलिमिटेड स्टोरी ऑडियंस लिस्ट क्रिएट करने और बिना दूसरों की व्यूअर लिस्ट में आए सीक्रेटली उनकी स्टोरी देखने का ऑप्शन मिलेगा.
इस प्लान के साथ स्टोरी टाइम लिमिट को 24 घंटे से ज्यादा एक्सटैंड करने, एक्स्ट्रा विजिबिलिटी के लिए हर वीक एक स्टोरी स्पॉटलाइट, स्टोरी व्यूअर लिस्ट में यूजर को सर्च करने और फॉलोवर्स फीड में आए बिना प्रोफाइल पर पोस्ट करने का ऑप्शन भी मिलेगा.
इतनी होगी प्लान की कीमत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्लोबल मार्केट में इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत लगभग 390 रुपये प्रति महीने, जबकि व्हाट्सऐप प्लस की कीमत लगभग 290 रुपये रखी गई है. अभी तक यह जानकारी नहीं मिली है कि भारत में इन प्लान्स की कीमत कितनी रखी जाएगी.
व्हाट्सऐप प्लस के साथ आएंगे ये फीचर्स
व्हाट्सऐप प्लस की बात करें तो इसमें मैसेजिंग पर्सनलाइजेशन पर ज्यादा जोर दिया गया है. व्हाट्सऐप के पेड प्लान में सब्सक्राइबर्स को कस्टम थीम, यूनिक रिंगटोन, प्रीमियम स्टिकर्स, एक साथ 20 चैट पिन करने की सुविधा और लिस्ट कस्टमाइजेशन टूल्स मिलेंगे.
कंपनी ने बताया है कि आगे चलकर इन प्लान में और नए फीचर्स भी एड कर दिए जाएंगे. यह ध्यान रखने वाली बात है कि नए सब्सक्रिप्शन प्लान मेटा वेरिफाईड से अलग हैं, जिसमें आईडेंटिटी वेरिफिकेशन, इंप्रसोनेशन प्रोटेक्शन और कस्टमर सपोर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं.
Meta One प्लान भी हुआ लॉन्च
सोशल मीडिया ऐप्स के पेड वर्जन के अलावा कंपनी ने Meta One क भी ऐलान किया है. इसमें एआई, क्रिएटर और बिजनेस की जरूरतों के हिसाब से प्लान शामिल किए गए हैं. इसमें दो प्लान शामिल है. पहले प्लान का नाम Meta One Plus है, जिसकी कीमत 7.99 डॉलर (लगभग 775 रुपये) रखी गई है.
यह उन लोगों के लिए लाया गया है, जो इमेज और वीडियो जनरेशन और लंबे रीजनिंग टास्क के लिए मेटा एआई यूज करते हैं. दूसरा प्लान Meta One Premium है, जिसकी कीमत लगभग 2,000 रुपये प्रति महीना है और ज्यादा यूसेज लिमिट के साथ सेम फीचर्स मिलेंगे.





