राजस्थान पंचायत चुनाव में फर्जी वोटिंग के आरोप पर हंगामा, दो पक्षों में चले लात-घूंसे

Kotputli-Behror Panchayat Election: राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 22 जिलों की 3,626 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी है। वोटिंग के दौरान कोटपूतली-बहरोड़ के बानसूर और सीकर के नीमकाथाना में फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और सीकर में तीन लोगों को हिरासत में लिया।

Rajasthan Panchayat Election: राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान कई जगहों पर हंगामे की खबरें सामने आई हैं। गुरुवार सुबह 7 बजे से प्रदेश के 22 जिलों की 3,626 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए वोटिंग शुरू हुई। इसी बीच कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र और सीकर जिले के नीमकाथाना में फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कोटपूतली-बहरोड़ में विवाद के दौरान समर्थकों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जबकि सीकर में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया।

कोटपूतली-बहरोड़ में मतदान केंद्र पर मारपीट
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र के माजरा अहीर गांव में मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते सरपंच पद के प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और लात-घूंसे चले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मतदान प्रक्रिया जारी रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

सीकर में फर्जी वोटिंग के आरोप पर हंगामा, तीन हिरासत में
सीकर जिले के नीमकाथाना स्थित भगेगा मतदान केंद्र पर भी फर्जी मतदान के आरोप को लेकर हंगामा हुआ। कुछ मतदाताओं ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों के बीच विवाद बढ़ गया।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

दोपहर 3 बजे तक 58.78 प्रतिशत मतदान
राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही उत्साह देखने को मिला। प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में जुटे रहे।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 3 बजे तक सरपंच पदों के लिए कुल 3,23,107 वोट डाले जा चुके थे। इस दौरान मतदान प्रतिशत 58.78 दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें…

चूरू सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य समेत छह की मौत

झुंझुनूं में सूरजगढ़ में सबसे ज्यादा मतदान
झुंझुनूं जिले में दोपहर 3 बजे तक पंचायत समितिवार मतदान के आंकड़े इस प्रकार रहे:

  • बुहाना: 60.40 प्रतिशत
  • चिड़ावा: 60.88 प्रतिशत
  • झुंझुनूं: 60.61 प्रतिशत
  • पिलानी: 62.05 प्रतिशत
  • सिंघाना: 61.52 प्रतिशत
  • सूरजगढ़: 65.70 प्रतिशत

यह भी पढ़ें…

Kota के Delhi-Mumbai Expressway पर बस हादसे में आठ मरे

11,799 मतदान केंद्रों पर हो रही वोटिंग
राज्य निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के मतदान के लिए कुल 11,799 मतदान केंद्र बनाए हैं। सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जा रहा है।

सरपंच पद के लिए 21,839 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि 45 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। मतदान शाम 6 बजे तक निर्धारित है। चुनावी प्रक्रिया के दौरान संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की निगरानी बनी हुई है।

यह भी पढ़ें…

Rajasthan में Ex BJP MLA अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या

Back to top button