World Cup 2027: विराट कोहली की जगह पक्की, रोहित शर्मा पर पूर्व चयनकर्ता ने उठाए सवाल!

Rohit Sharma World Cup 2027: पूर्व चयनकर्ता सबा करीम ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली की जगह पक्की है, लेकिन रोहित शर्मा को फिटनेस साबित करनी होगी।

Rohit Sharma World Cup 2027: भारतीय क्रिकेट टीम के दो सबसे सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के वनडे वर्ल्ड कप 2027 (ODI World Cup 2027) में खेलने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों ही दिग्गज खिलाड़ी अगले साल होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट में देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। हालांकि, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राष्ट्रीय चयनकर्ता सबा करीम (Saba Karim) का मानना है कि दोनों दिग्गजों की राहें एक जैसी नहीं हैं।

रोहित शर्मा के लिए अगले 6 महीने बेहद महत्वपूर्ण

सबा करीम ने बातचीत के दौरान रोहित शर्मा की बढ़ती उम्र और फिटनेस चिंताओं पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा:

मेरा साफ मानना है कि रोहित शर्मा को आगामी समय में कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्हें अपनी फिटनेस और बल्लेबाजी फॉर्म दोनों पर विशेष ध्यान देना होगा। मुझे लगता है कि राष्ट्रीय चयनकर्ता अगले छह महीनों में रोहित के प्रदर्शन और फिटनेस पर बहुत बारीक नजर रखेंगे। इसी आधार पर यह तय होगा कि वे वर्ल्ड कप 2027 की टीम में शामिल होने के हकदार हैं या नहीं।”

विराट कोहली का टिकट पक्का

वहीं दूसरी ओर, सबा करीम ने विराट कोहली की फिटनेस और निरंतरता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कोहली को लेकर चयनकर्ताओं के मन में कोई संशय नहीं है।

करीम ने कहा, “विराट कोहली का प्रदर्शन और उनकी फिटनेस हमेशा से लाजवाब रही है। रनों के लिए उनकी भूख आज भी पहले जैसी ही बरकरार है। मुझे पूरा यकीन है कि चयनकर्ता उन्हें लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं और वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप का हिस्सा निश्चित रूप से होंगे। विराट को अब कुछ भी साबित करने की आवश्यकता नहीं है।”

ये भी पढ़े- IND vs AFG: टीम इंडिया को बड़ा झटका, विराट कोहली हुए वनडे सीरीज बाहर

अफगानिस्तान सीरीज से पहले फिटनेस का इम्तिहान

भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। मांसपेशियों में खिंचाव (Muscle Strain) के कारण विराट इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि, उनकी फिटनेस को लेकर लंबे समय के लिए कोई चिंता नहीं है। आईपीएल 2026 के दौरान रोहित शर्मा भी मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझे थे, जिसके कारण वे 5 मैचों में नहीं खेल पाए थे। अब अफगानिस्तान सीरीज में मैदान पर उतरने से पहले रोहित को अपना फिटनेस टेस्ट पास करना होगा।

ये भी पढ़े- T20 Captain: टीम इंडिया को मिलने वाला है नया T20 कप्तान, अगरकर करेंगे ‘गंभीर’ फैसला

दक्षिण अफ्रीका में होना है वर्ल्ड कप 2027

बता दें कि आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन अगले साल के अंत में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होना है। अगले साल अप्रैल में रोहित शर्मा 40 साल के हो जाएंगे, जबकि विराट कोहली टूर्नामेंट के दौरान 39 वर्ष के होंगे। टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप से संन्यास ले चुके ये दोनों खिलाड़ी अब केवल वनडे प्रारूप पर ही ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, और माना जा रहा है कि यह वर्ल्ड कप इन दोनों दिग्गजों के शानदार करियर का आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है।

ये भी पढ़े-  Virat Kohli ने वैभव को दिया सफलता का मंत्र, वायरल हुआ बातचीत का FULL VIDEO

Back to top button