UP Police Exam: यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू, हर केंद्र पर हाई लेवल निगरानी

UP Police Exam 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा आज यानी 8 जून से शुरू हो गई है। 32,679 पदों के लिए 16 लाख से अधिक उम्मीदवार तीन दिनों तक परीक्षा देंगे।

UP Police Exam 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की ओर से आयोजित की जा रही सिपाही नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2026 आज (8 जून) से पूरे राज्य में शुरू हो गई है। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून यानी लगातार तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस महा-परीक्षा के जरिए यूपी पुलिस में कुल 32,679 खाली पदों को भरा जाना है।

दो पालियों में हो रहा है एग्जाम (Exam Timing)

भर्ती बोर्ड के मुताबिक, तीन दिनों तक चलने वाली यह परीक्षा रोजाना दो शिफ्टों (पालियों) में आयोजित की जा रही है:

  • पहली शिफ्ट (Morning Shift): सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।

  • दूसरी शिफ्ट (Evening Shift): दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक।

उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन और भर्ती बोर्ड परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह ‘अलर्ट मोड’ पर है।

16 लाख से अधिक अभ्यर्थी अजमा रहे हैं भाग्य

इस भर्ती परीक्षा के लिए राज्य भर से भारी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अब तक 16 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने भर्ती बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट से अपने एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) डाउनलोड किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बिना गहन जांच व सत्यापन के किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में सम्मिलित हो रहे सभी अभ्यर्थियों को सीएम योगी ने शुभकामनाएं दी हैं।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी नियम और सरकारी सुविधाएं

परीक्षा को सुचारू रूप से चलाने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए कुछ विशेष नियम और सुविधाएं लागू की गई हैं:

  • ड्रेस कोड (Dress Code Rule): भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से विशेष अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों पर जूते पहनने के बजाय चप्पल पहनकर ही आएं, ताकि चेकिंग के दौरान समय की बचत हो सके।

  • सख्त निगरानी: अलग-अलग जिलों (जैसे अमरोहा, देवरिया, अलीगढ़) से आ रही खबरों के मुताबिक, अभ्यर्थियों को बायोमैट्रिक जांच के बाद ही प्रवेश मिल रहा है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी (CCTV) और पुलिस के कड़े पहरे के बीच परीक्षा कराई जा रही है।

  • बसों के किराए में 50% की छूट: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों के किराए में 50 फीसदी की बड़ी छूट का ऐलान किया है, जिससे दूर-दराज से आने वाले छात्रों को आर्थिक राहत मिल सके।

Back to top button