
Cocktail 2 Review: शाहिद-रश्मिका की ‘कॉकटेल 2’ रिलीज, कृति सेनन ने लूटा मजमा
Cocktail 2 Movie Review: शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘कॉकटेल 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। जानिए कैसी है फिल्म की कहानी और दर्शकों को यह पसंद आई या नहीं।
Cocktail 2 Movie Review: साल 2012 में आई सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी की सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल ‘कॉकटेल 2’ 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गया है। इस बार निर्देशक होमी अडजानिया एक नई स्टार कास्ट शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना के साथ मॉडर्न रिलेशनशिप और लव ट्रायंगल की कहानी लेकर आए हैं। आइए जानते हैं कि यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरी है।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी ‘आ बैल मुझे मार’ वाली कहावत पर सटीक बैठती है। कहानी की शुरुआत कुणाल (शाहिद कपूर) और दीया (रश्मिका मंदाना) से होती है, जो लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं। सब कुछ ठीक चल रहा होता है कि तभी शाहिद की एक बात से रश्मिका के मन में शक की चिंगारी सुलग उठती है।
अपने पार्टनर का वफादारी टेस्ट (Loyalty Test) करने के लिए रश्मिका अपनी बेहद खूबसूरत दोस्त एली (कृति सेनन) को आगे करती हैं। इसके बाद कृति और शाहिद के बीच नजदीकियां बढ़ने लगती हैं। अब क्या शाहिद इस टेस्ट में फेल हो जाते हैं? क्या रश्मिका का दिल टूट जाता है? यही फिल्म का मुख्य ट्विस्ट है।
डायरेक्शन और स्क्रीनप्ले
होमी अडजानिया ने आज के दौर के ‘सिचुएशनशिप’ और उलझे हुए रिश्तों को दिखाने की अच्छी कोशिश की है। फिल्म के विजुअल्स (इटली और दिल्ली के लोकेशंस) और गाने काफी खूबसूरत हैं। हालांकि, फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी इसकी लंबाई है। सेकंड हाफ में कहानी काफी खिंची हुई लगती है। अगर फिल्म की लंबाई थोड़ी कम होती, तो इसकी रफ्तार काफी बेहतर हो सकती थी।
एक्टिंग के मोर्चे पर किसने मारी बाजी?
फिल्म की असली जान कृति सेनन हैं। थिएटर में कृति के डायलॉग्स पर दर्शकों ने खूब सीटियां बजाईं और उन्होंने पूरी स्क्रीन पर अपना दबदबा बनाए रखा। वहीं, शाहिद कपूर ने ठीक-ठाक काम किया है, लेकिन कुछ जगहों पर वे ओवरएक्टिंग करते नजर आए। रश्मिका मंदाना का किरदार थोड़ा उलझा हुआ है और उनके बोलने के लहजे (एक्सेंट) को लेकर सोशल मीडिया पर मिले-जुले रिएक्शंस आ रहे हैं।
पब्लिक वर्डिक्ट
सोशल मीडिया (X) पर फिल्म को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया आ रही है। कुछ लोग इसे एक अच्छी वन-टाइम वॉच एंटरटेनर बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि यह जबरदस्ती खींचा गया सीक्वल है। अगर आप कृति सेनन के फैन हैं और वीकेंड पर एक हल्की-फुल्की रोमांटिक ड्रामा फिल्म देखना चाहते हैं, तो ‘कॉकटेल 2’ देख सकते हैं।





