NEET Re-Exam: NTA की चूक पर मचा बवाल, छात्र को NEET परीक्षा देने भेज दिया विदेश!

NEET Re-Exam 2026 से ठीक एक दिन पहले NTA की बड़ी लापरवाही सामने आई है। महाराष्ट्र के नागपुर के एक छात्र को भारत की जगह अबू धाबी (UAE) में परीक्षा केंद्र अलॉट कर दिया गया है।

NEET Re-Exam 2026 : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले पेपर लीक का मामला और अब परीक्षा केंद्रों के आवंटन में एक बेहद गंभीर लापरवाही सामने आई है। कल यानी रविवार, 21 जून 2026 को देश भर में होने वाली NEET-UG री-एग्जामिनेशन से ठीक एक दिन पहले महाराष्ट्र के नागपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।

NTA ने नागपुर के रहने वाले छात्र अब्दुल्लाह का परीक्षा केंद्र भारत में नहीं, बल्कि सीधे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में बना दिया है। छात्र ने परीक्षा के लिए अपनी पहली पसंद (Preferred Test City) नागपुर चुनी थी। परीक्षा से ऐन वक्त पहले आई इस गड़बड़ी से छात्र का पूरा परिवार मानसिक तनाव में है और छात्र का भविष्य दांव पर लग गया है।

री-एग्जाम में भेज दिया विदेश

नियमों के मुताबिक, विदेश में नीट परीक्षा केंद्र सिर्फ एनआरआई (NRI) और विदेशी मूल के छात्रों के लिए ही बनाए जाते हैं। छात्र अब्दुल्लाह को पहली बार हुई मुख्य नीट परीक्षा के लिए नागपुर के ही ‘सरस्वती विद्यालय’ में सेंटर मिला था। लेकिन पेपर लीक विवाद के बाद जब परीक्षा दोबारा कराने का फैसला हुआ, तो छात्र ने अपना नया एडमिट कार्ड डाउनलोड किया। एडमिट कार्ड देखते ही उसके होश उड़ गए, क्योंकि उसमें परीक्षा केंद्र ‘अबू धाबी इंडियन स्कूल’ (UAE) लिखा हुआ था।

पासपोर्ट तक नहीं है, कैसे जाएं विदेश?

छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने अपनी लाचारी व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय पहली पसंद नागपुर और उसके बाद वर्धा व भंडारा को चुना था। पिता ने कहा “हम अपने बच्चे को परीक्षा दिलाने के लिए अचानक विदेश भेजने में पूरी तरह असमर्थ हैं। हमारे बच्चे के पास पासपोर्ट भी नहीं है, और इतनी जल्दी ट्रैवल का इंतजाम करने के लिए अब समय भी नहीं बचा है।”

परेशान परिवार ने तुरंत NTA की हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि हेल्पलाइन पर एजेंसी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और आश्वासन दिया है कि वेरिफिकेशन के बाद जल्द ही सुधरा हुआ एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।

सुरक्षा के सख्त दावों के बीच इतनी बड़ी चूक

यह मामला तब सामने आया है जब NTA कल, 21 जून को होने वाली इस दोबारा परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए बड़े-बड़े दावे कर रहा है। एजेंसी के मुताबिक, परीक्षा सामग्री को जीपीएस (GPS) लगी गाड़ियों और पुलिस सुरक्षा के बीच भेजा जा रहा है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, आधार बायोमेट्रिक और रियल-टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।

देश और विदेश के कुल 565 शहरों (भारत में 551 और विदेश में 14) में होने वाली इस परीक्षा में 22.79 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल होने जा रहे हैं, लेकिन अब्दुल्लाह जैसी तकनीकी या प्रशासनिक गलतियां एनटीए की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रही हैं।

Back to top button