सरकारी नौकरी के नाम पर 70 लाख की ठगी! भाजपा विधायक के भतीजे समेत 5 बने शिकार

UP News: आगरा में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 70 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ितों में खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक भगवान सिंह कुशवाह के भतीजे समेत पांच लोग शामिल हैं।

आरोप है कि एक स्कूल प्रिंसिपल ने विभिन्न विभागों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये वसूले और फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर पीड़ितों को ट्रेनिंग तक करवाई।

गहने गिरवी रखकर दिए 5 लाख

खेरिया मोड़ निवासी विजय पाल कुशवाह ने शाहगंज थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी की सहेली ने एक स्कूल प्रिंसिपल से परिचय कराया था। आरोपी ने छोटे बेटे प्रशांत की जिला पंचायत में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और 10 लाख रुपये मांगे। परिवार ने गहने गिरवी रखकर पहले 5 लाख रुपये दिए।

जवाहर भवन बुलाकर थमाया नियुक्ति पत्र

पीड़ित के अनुसार आरोपी उन्हें लखनऊ के जवाहर भवन लेकर गया, जहां कथित तौर पर नियुक्ति पत्र दिया गया। इसके बाद हाथरस में तीन महीने की ट्रेनिंग भी करवाई गई। बाद में बड़े बेटे निशांत को पीडब्ल्यूडी में नौकरी दिलाने का दावा करते हुए उससे भी लाखों रुपये वसूल लिए गए।

अन्य युवाओं से भी करोड़ों की ठगी का आरोप

विजय पाल कुशवाह का आरोप है कि क्षेत्रीय पार्षद के बेटे से नौकरी के नाम पर 13 लाख रुपये लिए गए। उसे प्रदूषण विभाग में नियुक्ति पत्र देकर रायबरेली में ट्रेनिंग करवाई गई। इसी तरह अन्य लोगों से भी करीब 22.5 लाख रुपये वसूले गए। कुल मिलाकर ठगी की रकम लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है।

आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा, कार्रवाई का इंतजार

पीड़ित पक्ष का कहना है कि करीब 20 दिन पहले शाहगंज थाना क्षेत्र की सराय ख्वाजा चौकी में शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बाद में एक आरोपी को फिरोजाबाद से पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, फिर भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस कर रही जांच

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। एक संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button