IPL 2027: आईपीएल में महा-उलटफेर, हार्दिक पंड्या जाएंगे RR; ऋषभ पंत की ‘घर वापसी’

IPL 2027 Trade: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बड़े खिलाड़ियों का ट्रेड होने जा रहा है।

IPL 2027 Trade: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2027) के अगले सीजन के शुरू होने में भले ही अभी वक्त हो, लेकिन फ्रेंचाइजियों ने पर्दे के पीछे से अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। क्रिकेट गलियारों से आ रही ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े और चौंकाने वाले ट्रेड (खिलाड़ियों की अदला-बदली) देखने को मिल सकते हैं, जो पूरी लीग का समीकरण बदल देंगे।

मुंबई इंडियंस (MI), राजस्थान रॉयल्स (RR), दिल्ली कैपिटल्स (DC) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच चार बड़े स्टार खिलाड़ियों को लेकर बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है।

1. हार्दिक की राजस्थान में एंट्री, यशस्वी जाएंगे मुंबई!

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या के लिए पिछला सीजन बेहद निराशाजनक रहा। कप्तानी और प्रदर्शन दोनों मोर्चों पर फेल रहने के बाद अब उनका मुंबई से अलग होना लगभग तय माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच हार्दिक पंड्या और यशस्वी जायसवाल को आपस में ट्रेड करने की बातचीत चल रही है।

अगर यह डील पक्की होती है, तो हार्दिक पंड्या आईपीएल 2027 में राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में दिखेंगे। वहीं, राजस्थान के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन जाएंगे। जायसवाल के राजस्थान छोड़ने की वजह टीम में रियान पराग को कप्तानी मिलना और वैभव सूर्यवंशी जैसे विस्फोटक ओपनर का आना माना जा रहा है।

2. ऋषभ पंत की घर वापसी, कुलदीप जाएंगे लखनऊ

दूसरा बड़ा महा-उलटफेर दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होने जा रहा है। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में बिकने वाले ऋषभ पंत का लखनऊ में सफर बेहद खराब रहा। उनकी कप्तानी में आईपीएल 2026 में टीम अंक तालिका में सबसे नीचे (10वें स्थान) पर रही, जिसके बाद पंत ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषभ पंत अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स में ‘घर वापसी’ करने के लिए तैयार हैं। उनके बदले दिल्ली के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का रुख करेंगे। कुलदीप के आने से लखनऊ का स्पिन आक्रमण मजबूत होगा, जबकि पंत अपनी पसंदीदा टीम में लौटेंगे।

केएल राहुल बन सकते हैं DC के कप्तान

पंत की वापसी के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स के खेमे में बड़े प्रशासनिक बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं। चर्चा है कि केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के नए कप्तान बन सकते हैं।

युवराज-गांगुली संभालेंगे कमान

वहीं, भारतीय दिग्गज सौरव गांगुली टीम के हेड कोच और युवराज सिंह बैटिंग कोच के रूप में दिल्ली से जुड़ सकते हैं। हालाँकि, इन सौदों पर अभी फ्रेंचाइजियों की ओर से आधिकारिक मुहर लगना बाकी है, लेकिन इस सुगबुगाहट ने सोशल मीडिया पर फैंस का रोमांच सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।

Back to top button