
UP Monsoon: यूपी में जल्द एंट्री करेगा मानसून, IMD ने बताया कब होगी लखनऊ में बारिश
UP Monsoon Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग (IMD) ने मानसून के आगमन की तारीख घोषित कर दी है। जानें सोनभद्र से लेकर लखनऊ तक कब होगी झमाझम बारिश।
UP Monsoon Update: उत्तर प्रदेश में चिलचिलाती धूप और चुभती गर्मी झेल रहे लोगों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में सुस्त पड़े मानसून की एंट्री की तारीख साफ हो गई है। मौसम विभाग का दावा है कि आगामी 28 जून को मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश के रास्ते राज्य में दस्तक दे सकता है।
सोनभद्र और बलिया के रास्ते होगी एंट्री
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार से होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगा। राज्य में इसकी सबसे पहली एंट्री सोनभद्र और बलिया के रास्ते होने की संभावना है। शुरुआती दस्तक के साथ ही सोनभद्र, बलिया और गोरखपुर समेत पूर्वी यूपी के कई इलाकों में झमाझम पहली बारिश देखने को मिल सकती है। इसके बाद 29 जून से मानसून रफ्तार पकड़ेगा और राज्य के बाकी हिस्सों को कवर करेगा।
ये भी पढ़े- यूपी रोडवेज की लापरवाही बनी काल? चलती बस का पहिया निकला, डिवाइडर तोड़कर…
लखनऊ और अन्य जिलों में कब मिलेगी राहत?
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। हालांकि, मानसून की मुख्य धारा आने से पहले 24 से 28 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज तपिश और लू (Heatwave) का असर बना रहेगा।
ये भी पढ़े- Ayodhya: राम मंदिर चंदा विवाद मे SIT का बड़ा खुलासा, गायब हैं सोने-चांदी के रिकॉर्ड
इस दौरान राहत की बात यह है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और कुछ केंद्रीय इलाकों में प्री-मानसून एक्टिविटी के कारण तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जो तापमान को थोड़ा नियंत्रित रखेगी। लखनऊ और इसके आसपास के जिलों में जून के आखिरी दिनों (29-30 जून) में अच्छी मानसूनी बारिश शुरू होने की पूरी उम्मीद है।
अगले 3 दिनों तक घर से निकलते समय सावधानी बरतें क्योंकि दोपहर के समय लू का प्रकोप रहेगा, लेकिन 28 जून की शाम से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है।
ये भी पढ़े- Lucknow Fire: सस्पेंडेड फायर अफसर के दो Video वायरल, पहले CM से गुहार, फिर माफी





