Lucknow Fire: सस्पेंडेड फायर अफसर के दो Video वायरल, पहले CM से गुहार, फिर माफी

Lucknow Fire Accident: लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में सस्पेंड हुए FSSO कमलेंद्र सिंह के दो विरोधाभासी वीडियो वायरल हुए हैं। जानिए उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ और सीएफओ को लेकर क्या कहा।

Lucknow Fire Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है। इसी बीच, इस हादसे के बाद सस्पेंड (निलंबित) किए गए फायर स्टेशन सेकेंड ऑफिसर (FSSO) कमलेंद्र कुमार सिंह के दो सोशल मीडिया वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन दोनों ही वीडियो में उनका बिल्कुल अलग और विरोधाभासी रूप देखने को मिल रहा है।

जहां पहले वीडियो में उन्होंने खुद पर हुई कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई, वहीं कुछ ही समय बाद सामने आए दूसरे वीडियो में उन्होंने माफी मांगते हुए अपने पहले बयान का पूरी तरह खंडन कर दिया

पहले वीडियो में CM योगी से गुहार

अपने पहले वीडियो में FSSO कमलेंद्र सिंह ने खुद पर हुए निलंबन को एकतरफा बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक पत्र पढ़ते हुए कहा कि छोटे अधिकारियों को मोहरा बनाया जा रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर लखनऊ के चीफ फायर ऑफिसर (CFO) को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अवैध कोचिंग और बिल्डिंग के व्यावसायिक इस्तेमाल की पूरी जानकारी सीएफओ को थी।

दूसरे वीडियो में यू-टर्न और माफी

पहले वीडियो के वायरल होते ही हड़कंप मच गया, जिसके तुरंत बाद कमलेंद्र सिंह का दूसरा वीडियो सामने आया। इसमें उनका रुख पूरी तरह बदला हुआ था।

कमलेंद्र सिंह ने सफाई में कहा “हादसे में हुई मौतों से मैं बेहद आहत था। पहला वीडियो मुझे किसी अन्य व्यक्ति द्वारा भ्रमित करके बनवाया गया था। मैं उस बयान का खंडन करता हूं और अपने उच्च अधिकारियों से माफी मांगता हूं। मुझे निष्पक्ष जांच पर पूरा भरोसा है।”

ये भी पढ़े-Lucknow News: लखनऊ में फिर अग्निकांड, ठाकुरगंज के इरम स्कूल में लगी भीषण आग

क्या था अलीगंज अग्निकांड?

लखनऊ के अलीगंज स्थित एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी, जिसमें एक एनिमेशन कोचिंग सेंटर के छात्रों सहित 15 लोगों की मौत हो गई। जांच में सामने आया कि बिल्डिंग की छत का ताला बंद होने के कारण बच्चे फंस गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी (SIT) जांच के आदेश दिए गए हैं और फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े-Lucknow: ध्वस्तीकरण आदेश से मौत के मंजर तक, अलीगंज अग्निकांड में बड़ा खुलासा

Back to top button