Lucknow: लोकबंधु अस्पताल परिसर में लगी आग, बिल्डिंग में भरा धुआं; कर्मी भागे

Lucknow News: लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल के वन स्टॉप सेंटर में शॉर्ट सर्किट के कारण सुबह भीषण आग लग गई। कर्मचारियों ने सूझबूझ से आग पर काबू पाया, कोई हताहत नहीं।

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना स्थित लोकबंधु अस्पताल परिसर में शुक्रवार तड़के अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह आग अस्पताल परिसर में संचालित ‘वन स्टॉप सेंटर’ (आशा ज्योति केंद्र) के वेटिंग हॉल में लगी। शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। गौरतलब है कि अस्पताल में पिछले एक साल से करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से फायर-प्रूफ फॉल सीलिंग और ऑटोमैटिक वॉटर स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने का काम चल रहा है, जो अब तक अधूरा है।

सुबह 5 बजे फैला धुआं

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे वेटिंग हॉल की फॉल सीलिंग से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते मात्र 10 मिनट के भीतर आग की लपटें दिखाई देने लगीं और पूरी बिल्डिंग में गाढ़ा धुआं भर गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई मरीज मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, भारी धुएं के कारण वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को सांस लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

आग लगने की सूचना तुरंत फायर विभाग को दी गई। लेकिन दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल के सतर्क कर्मचारियों ने मोर्चा संभाल लिया। कर्मचारियों ने अस्पताल में मौजूद अग्निशमन उपकरणों (Fire Extinguishers) का इस्तेमाल कर करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

अधूरे फायर सुरक्षा कार्यों पर उठे सवाल

गौरतलब है कि अस्पताल में पिछले एक साल से करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से फायर-प्रूफ फॉल सीलिंग और ऑटोमैटिक वॉटर स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने का काम चल रहा है, जो अब तक अधूरा है। काम में देरी के चलते मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि पिछले साल 14 अप्रैल को भी इसी अस्पताल की दूसरी मंजिल पर भीषण आग लगी थी, जिसमें एक बुजुर्ग मरीज की जान चली गई थी।

लोकबंधु अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ और घटना की विस्तृत जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है।

Back to top button