Lucknow News: रेनेसां और नोवोटल समेत 122 होटल होंगे सील, LDA का बड़ा एक्शन

Lucknow News in Hindi: लखनऊ में नक्शे और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल रेनेसां, नोवोटल, सैवी ग्रैंड और लीनेज समेत 122 होटलों पर सीलिंग की गाज गिरने वाली है।

Lucknow News in Hindi: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे कमर्शियल प्रतिष्ठानों पर प्रशासन का चाबुक चलने वाला है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और अग्निशमन (Fire) विभाग के संयुक्त सर्वे के बाद लखनऊ के मंडलायुक्त (Commissioner) विजय विश्वास पंत ने शहर के 122 होटलों, गेस्ट हाउसों और बैंक्वेट हॉलों को सील करने का कड़ा आदेश जारी किया है।

बड़े होटलों में मिलीं ये गंभीर खामियां

  • होटल रेनेसां (Hotel Renaissance): जांच में सामने आया कि होटल के स्वीकृत मानचित्र (नक्शे) में 16वें तल पर सिर्फ खुली छत दिखाई गई थी, लेकिन वहां नियमों के खिलाफ जाकर अवैध रूप से ‘स्काई बार’ (Sky Bar) का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा, लीज पर मिली ग्रीन बेल्ट की जमीन के नीचे अवैध बेसमेंट बनाने का मामला भी पकड़ा गया है।

  • होटल नोवोटल (Hotel Novotel): गोमती नगर स्थित इस नामी होटल में जहां बेसमेंट का इस्तेमाल सिर्फ गाड़ी खड़ी करने (पार्किंग) के लिए होना था, वहां नियमों को ताक पर रखकर बेकरी, स्टाफ रूम और लॉन्ड्री का संचालन होता पाया गया।

  • होटल सैवी ग्रैंड (Hotel Savvy Grand): विभूति खंड में स्थित इस होटल के बेसमेंट पार्किंग की जगह पर अवैध रूप से कमर्शियल एक्टिविटी करते हुए ‘बैंक्वेट हॉल’ बना दिया गया था।

  • होटल लीनेज (Hotel Lineage): इस होटल में भी बिल्डिंग बायलॉज और सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन देखने को मिला है।

  • होटल पिनैकल (Hotel Pinnacle): आशियाना स्थित इस होटल के बेसमेंट में भी अवैध रूप से बैंक्वेट हॉल चलता मिला।

ये भी पढ़े- UPSC की तैयारी कर रही 21 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान…

सख्त एक्शन में मंडलायुक्त

लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने सख्त रुख अपनाते हुए एलडीए के जोनल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी चिन्हित 122 प्रतिष्ठानों में अवैध गतिविधियों को तुरंत रोका जाए।

“नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन भी होटलों या मैरिज लॉन में कमियां मिली हैं, उन्हें तय समय सीमा में सुधार करना होगा। ऐसा न करने पर सीधे सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, जिन अधिकारियों ने पूर्व में इन प्रतिष्ठानों को गलत तरीके से कंप्लीशन सर्टिफिकेट (पूर्णता प्रमाणपत्र) जारी किया था, उनके खिलाफ भी जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।”

ये भी पढ़े- लखनऊ में आस्था का संगम, पूर्णिमा पर सामूहिक यज्ञ में जुटे सैकड़ों श्रद्धालु…

इस जांच रिपोर्ट में शहर के कई नामी और नामचीन फाइव-स्टार व फोर-स्टार होटलों में सुरक्षा मानकों और स्वीकृत नक्शों की गंभीर धज्जियां उड़ती मिली हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि तय समय सीमा के भीतर अगर नियमों का पालन नहीं किया गया, तो इन सभी संपत्तियों को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़े- लखनऊ में सिर्फ 6% मकानों का नक्शा पास, LDA वीसी के इस खुलासे से मचा हड़कंप

Back to top button