
UP News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, स्लीपर बस खाई में गिरी, 5 की मौत
UP News: उन्नाव के बांगरमऊ में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है। बिहार जा रही स्लीपर बस अनियंत्रित होकर कार से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है।
UP News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 230 (देवखरी गांव) के पास एक तेज रफ्तार प्राइवेट स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी साइड चली गई। वहां बस ने सामने से आ रही अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मारी और फिर सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए करीब 12 फीट नीचे खाई में जा गिरी।
इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो मासूम बच्चियों और दो महिलाओं समेत 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस और कार में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
झपकी आने से हुआ हादसा
शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हादसा बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। स्लीपर बस हरियाणा (झज्जर) से मजदूरों को लेकर बिहार (नालंदा) की तरफ जा रही थी। बांगरमऊ के सीओ हर्ष मोदी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि तड़के बस चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा।
ये भी पढ़े- Lucknow News: रेनेसां और नोवोटल समेत 122 होटल होंगे सील, LDA का बड़ा एक्शन
मृतकों में एक ही परिवार के लोग शामिल
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग कार सवार थे और संत कबीर नगर के रहने वाले थे, जो गोरखपुर से मथुरा की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है, दिव्या (6 वर्ष) अमृता (13 वर्ष) अंजू (40 वर्ष) धुनमुन (60 वर्ष) विनोद (45 वर्ष) – कार चालक
ये भी पढ़े- Rampur में सीएम योगी ने गिनाईं विकास योजनाएं, कानून-व्यवस्था पर विपक्ष को घेरा…
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम ने तुरंत सभी घायलों को बस और कार से बाहर निकाला। घायलों को तुरंत बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल मरीजों को जिला अस्पताल और लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने सभी पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़े- UPSC की तैयारी कर रही 21 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान…





