
Haldiram के नाम पर साइबर ठगी, बिजनेस ऑफर देकर युवक से ऐंठे मोटी रकम
Cyber crime: राजधानी लखनऊ में साइबर ठगों ने इस बार एक प्रतिष्ठित फूड ब्रांड के नाम का सहारा लेकर एक युवक को अपना शिकार बनाया। पीजीआई थाना क्षेत्र के साउथ सिटी निवासी युवक से हल्दीराम की फ्रेंचाइजी दिलाने और बिजनेस शुरू कराने का झांसा देकर 75 हजार रुपये ऑनलाइन ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, लक्ष्य यादव पिछले कुछ समय से नया कारोबार शुरू करने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को हल्दीराम की बिजनेस डेवलपमेंट टीम का सदस्य बताया। आरोपी ने दावा किया कि कंपनी अपने कारोबार का विस्तार कर रही है और नए फ्रेंचाइजी पार्टनर जोड़ रही है।
फ्रेंचाइजी के नाम पर ठगी
बातचीत के दौरान आरोपी ने लक्ष्य यादव को भरोसे में लेते हुए कहा कि फ्रेंचाइजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग, दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर कुछ शुल्क जमा करने होंगे। उसने चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग खातों में ऑनलाइन भुगतान कराने को कहा।
व्यवसाय शुरू होने और अच्छा मुनाफा मिलने की उम्मीद में लक्ष्य यादव ने आरोपी के बताए खातों में कुल 75 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलने के बाद आरोपी ने पहले बहाने बनाने शुरू किए और फिर पूरी तरह संपर्क बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।
पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए भुगतान से जुड़े सभी दस्तावेज, बैंक ट्रांजैक्शन का विवरण और मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराए। शिकायत के आधार पर पीजीआई थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें…
राम मंदिर चोरी मामले पर सियासत तेज, कांग्रेस ने भाजपा सरकार से मांगा जवाब…
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच साइबर तकनीक की मदद से की जा रही है। आरोपी के मोबाइल नंबर, बैंक खातों, आईपी एड्रेस और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है। जिन खातों में रकम भेजी गई है, उन्हें भी खंगाला जा रहा है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ में सजा 800 किस्मों के आमों का मेला, CM योगी ने किया मैंगो फेस्टिवल का शुभारंभ
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बड़ी कंपनी की फ्रेंचाइजी, डीलरशिप या निवेश से संबंधित ऑफर मिलने पर पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत कार्यालय से जानकारी की पुष्टि अवश्य करें। केवल फोन कॉल, सोशल मीडिया या व्हाट्सएप संदेशों के आधार पर किसी अनजान व्यक्ति के खाते में पैसे जमा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या निकटतम साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें…





