
लखनऊ में सजा 800 किस्मों के आमों का मेला, CM योगी ने किया मैंगो फेस्टिवल का शुभारंभ
Mango Festival: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश मैंगो फेस्टिवल-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिवसीय इस महोत्सव का उद्घाटन करते हुए प्रदेश के आम उत्पादकों, बागवानों और कृषि वैज्ञानिकों की सराहना की। उद्घाटन के दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में रखी गई विभिन्न किस्मों के आमों का अवलोकन किया। इस दौरान करीब आधा किलो वजनी आम को देखकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और उसकी गुणवत्ता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का आम अब देश की सीमाओं से निकलकर ब्रिटेन, कतर और कई अन्य देशों में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
देश के कुल आम उत्पादन में यूपी का 26 प्रतिशत योगदान
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आम उत्पादन के मामले में देश का अग्रणी राज्य है। उन्होंने बताया कि देश में आम की खेती वाले कुल क्षेत्रफल में प्रदेश की हिस्सेदारी केवल 9 प्रतिशत है, लेकिन उत्पादन में उत्तर प्रदेश अकेले 26 प्रतिशत योगदान देता है। यह उपलब्धि किसानों की मेहनत, आधुनिक खेती और सरकार की योजनाओं का परिणाम है।
800 किस्मों के आम बने आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष मैंगो फेस्टिवल में प्रदेशभर से लगभग 800 किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें मलिहाबाद का दशहरी, वाराणसी और गोरखपुर का लंगड़ा, बागपत व सहारनपुर का रतौल, बस्ती का आम्रपाली सहित कई पारंपरिक और दुर्लभ किस्में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की यही विविधता उसे देश के अन्य राज्यों से अलग पहचान दिलाती है।
ब्रिटेन से कतर तक पहुंच रहा यूपी का आम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए आधुनिक पैक हाउस, कोल्ड चेन और बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधाएं विकसित की हैं। इन व्यवस्थाओं के कारण उत्तर प्रदेश के आमों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में प्रदेश के आम ब्रिटेन, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, बहरीन और ओमान सहित कई देशों में भेजे जा रहे हैं। इससे किसानों को बेहतर कीमत मिलने के साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो रही है।
एक एकड़ में 2.5 लाख रुपये तक की शुद्ध आय संभव
मुख्यमंत्री ने किसानों को आधुनिक बागवानी अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर एक एकड़ आम के बाग से करीब 2.5 लाख रुपये तक की शुद्ध आय अर्जित की जा सकती है। यदि आम को वैल्यू एडिशन, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और निर्यात से जोड़ा जाए तो किसानों का मुनाफा कई गुना बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें…
बंद कमरे में फंदे से लटकी मिली 30 वर्षीय युवती, परिजनों में मचा कोहराम
किसानों, वैज्ञानिकों और खरीदारों को मिला साझा मंच
तीन दिवसीय इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए किसान, बागवान, कृषि वैज्ञानिक, निर्यातक और खरीदार एक ही मंच पर जुटे हैं। यहां आम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, गुणवत्ता सुधार, रोग नियंत्रण, प्रोसेसिंग और निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की जा रही है। साथ ही किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग और गुणवत्ता मानकों की भी जानकारी दी जा रही है।
यह भी पढ़ें…
इलाज के बीच मौत का खतरा! चाइल्ड पीजीआई के ICU में छत का प्लास्टर गिरा
वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़कर उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक तकनीक, बेहतर विपणन व्यवस्था और निर्यात को बढ़ावा देकर उत्तर प्रदेश के आम आने वाले वर्षों में विश्व बाजार में और मजबूत पहचान बनाएंगे। उन्होंने किसानों से गुणवत्ता, ब्रांडिंग और आधुनिक खेती पर विशेष ध्यान देने की अपील की, ताकि उत्तर प्रदेश का आम वैश्विक स्तर पर अपनी मिठास और गुणवत्ता के लिए और अधिक प्रसिद्ध हो सके।
यह भी पढ़ें…





