IND vs ENG: ऐसी शर्मनाक हार कभी नहीं…, इंग्लैंड के सामने भारतीय बल्लेबाजी ध्वस्त

IND vs ENG 3rd T20I: इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में भारतीय टीम को 125 रनों से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इस शर्मनाक हार के साथ ही टीम इंडिया के नाम बेहद खराब और अनचाहे रिकॉर्ड दर्ज हो गए हैं।

IND vs ENG 3rd T20I: इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम को बेहद शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। ट्रेंट ब्रिज के मैदान पर खेले गए इस मैच में मेजबान इंग्लैंड ने भारत को 125 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मैदान पर उतरी भारतीय टीम इस मुकाबले में ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम महज 76 रनों पर सिमट गई। इस करारी हार के बाद टीम इंडिया के नाम कई ऐसे अनचाहे रिकॉर्ड दर्ज हो गए हैं, जिन्हें कोई भी टीम कभी याद नहीं रखना चाहेगी।

1. टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया का दूसरा सबसे छोटा स्कोर

इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजी लाइन-अप पूरी तरह सरेंडर कर गई और पूरी पारी सिर्फ 76 रनों पर ढेर हो गई। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में भारतीय टीम का दूसरा सबसे न्यूनतम (Lowest) स्कोर है। इससे पहले साल 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में भारतीय टीम महज 74 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।

2. जीत के लिए सबसे लंबा इंतजार

भारतीय क्रिकेट टीम का टी20 अंतरराष्ट्रीय में खराब फॉर्म लगातार जारी है। टीम इंडिया अपने पिछले 5 मैचों में से एक भी मुकाबला जीतने में कामयाब नहीं हो पाई है। इन 5 मैचों में से टीम को 4 में हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। टी20 फॉर्मेट में भारतीय टीम का यह जीत के लिए अब तक का सबसे लंबा इंतजार है। इससे पहले टीम इंडिया दो बार लगातार 4 मैचों में जीत से महरूम रही थी।

3. सबसे कम ओवरों में ऑलआउट होने का रिकॉर्ड

ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने धारदार गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम को संभलने का बिल्कुल मौका नहीं दिया। पूरी भारतीय टीम महज 11.4 ओवरों में ही पवेलियन लौट गई। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब भारत इतने कम ओवरों में ऑलआउट हुआ है। इससे पहले भारत ने साल 2015 में कटक के मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑलआउट होने से पहले 17.2 ओवर बल्लेबाजी की थी।

4. रनों के लिहाज से टी20 इतिहास की सबसे बड़ी हार

यह पहली बार है जब भारतीय टीम को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 से ज्यादा रनों के अंतर से हार झेलनी पड़ी हो। इंग्लैंड ने भारत को 125 रनों से मात देकर यह अनचाहा रिकॉर्ड टीम के नाम दर्ज कराया। इससे पहले रनों के मामले में भारत की सबसे बड़ी हार 80 रनों की थी, जो उसे साल 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में मिली थी।

5. पावरप्ले में ही आधी टीम पवेलियन लौटी

मैच की शुरुआत से ही इंग्लैंड के गेंदबाजों ने टीम इंडिया पर दबाव बना लिया था। हालात इतने खराब थे कि भारतीय टीम ने शुरुआती 6 ओवरों (पावरप्ले) के भीतर ही अपने 5 प्रमुख बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। अक्षर पटेल पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट होने वाले पांचवें खिलाड़ी थे। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ है जब भारतीय टीम ने पावरप्ले में ही अपने 5 विकेट खो दिए हों।

Back to top button