‘फौजी’ सेट पर कीड़े के वार से एक्टर राजेश शर्मा की हालत गंभीर, अस्पताल में हुए भर्ती

बॉलीवुड अभिनेता राजेश शर्मा (Rajesh Sharma) को हैदराबाद में शूटिंग के दौरान किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। AICWA ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से इस मामले में जांच की मांग की है।

दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता राजेश शर्मा (Rajesh Sharma) इस समय जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में साउथ सुपरस्टार प्रभास की आगामी फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान उन्हें किसी बेहद जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया। इसके बाद उनकी तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई और उन्हें तुरंत कोलकाता के मनिपाल अस्पताल (ढाकुरिया) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।

कैसे बिगड़ी तबीयत?

अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने सोशल मीडिया पर एक नोट साझा कर पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजेश शर्मा रामोजी फिल्म सिटी के एक घने पेड़-पौधे वाले इलाके में लोकल टेक्नीशियंस से बात कर रहे थे, तभी उनके पैर में किसी चीज ने काटा। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य समझकर शूटिंग जारी रखी।

लेकिन करीब छह घंटे बाद उनके दाहिने पैर में असहनीय दर्द शुरू हो गया। इसी हालत में उन्होंने कोलकाता के लिए फ्लाइट पकड़ी, जहां सफर के दौरान उन्हें तेज बुखार और घबराहट होने लगी। कोलकाता पहुंचते ही उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, जहर उनके दाहिने पैर के अंगूठे से लेकर घुटने तक फैल चुका है, जिससे पैर पर बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं और उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है।

ये भी पढ़े- Bhai Tera Star Hai Trailer: ‘लूजर’ बनकर हंसाने आ रहे हैं राघव जुयाल, मजेदार ट्रेलर रिलीज

AICWA ने उठाए सवाल

इस घटना के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने फिल्म उद्योग में सुरक्षा मानकों को लेकर गहरा रोष जताया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने प्रोडक्शन हाउस पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब अभिनेता की हालत सेट पर ही बिगड़ने लगी थी, तो निर्माताओं ने उन्हें हैदराबाद के ही किसी बड़े अस्पताल में तुरंत भर्ती क्यों नहीं कराया और उन्हें उस हालत में सफर करने की अनुमति कैसे दी?

एसोसिएशन ने फिल्म के सेट्स पर बुनियादी स्वच्छता, प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए सीधे तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से इस पूरे मामले में जांच की गुहार लगाई है।

ये भी पढ़े- Dhamaal 4: रिलीज से पहले ‘धमाल 4’ ने काटा गदर, एडवांस बुकिंग में की छप्परफाड़ कमाई

Back to top button