
Lotte Choco Pie के शाकाहारी’ दावे पर FSSAI का एक्शन, कंपनी को भेजा नोटिस
FSSAI ने लोटे चोको पाई पर ‘100% शाकाहारी’ के भ्रामक दावे को लेकर लोटे इंडिया को नोटिस भेजा है। इसके साथ ही Ferns N Petals और Kubera Foods पर भी एक्शन लिया गया है।
खाद्य नियामक FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) ने भ्रामक दावों और लेबलिंग मानकों के उल्लंघन को लेकर तीन बड़ी कंपनियों लोटे इंडिया (Lotte India), फर्न्स एन पेटल्स (Ferns N Petals) और कुबेरा फूड्स (Kubera Foods) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FSSAI ने इन सभी कंपनियों से 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है और संतोषजनक जवाब न मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
चोको पाई पर भ्रामक दावा
FSSAI की जांच में सामने आया है कि लोटे चोको पाई के तीन वेरिएंट्स Rich Marshmallow, Real Orange और Choco Burst पर ‘100% शाकाहारी’ (100% Vegetarian) होने का दावा किया गया है, जो कि पूरी तरह भ्रामक है। इसके अलावा कंपनी बिना अनुमति के पुराने नाम वाले डिब्बों/पैकेटों का इस्तेमाल कर रही थी। लोटे के एक अन्य प्रोडक्ट ‘लाली ब्लिस लालीपार’ में विटामिन का स्तर भी मानकों के अनुरूप नहीं मिला।
नेचुरल’ के दावे में मिलावट
कुबेरा फूड्स के प्रोडक्ट ‘सॉफ्ट एंड फ्रेश क्रीम बन पाइनएप्पल’ के पैकेट के सामने ‘100% प्राकृतिक’ और ‘कोई कृत्रिम रंग या फ्लेवर नहीं’ लिखा गया था। हालांकि, जब जांच की गई तो इसके लेबल पर परिरक्षक (Preservatives), कृत्रिम खाद्य रंग और मिलाए गए फ्लेवरिंग पदार्थों का इस्तेमाल पाया गया।
चॉकलेट में वनस्पति वसा
गिफ्ट और बेकरी चेन फर्न्स एन पेटल्स को उनके उत्पाद ‘रोस्टेड आलमंड चॉकलेट’ के लिए नोटिस मिला है। कंपनी ने इसे ‘प्रीमियम चॉकलेट’ के रूप में प्रमोट किया, जबकि जांच में पता चला कि इसमें हाइड्रोजनीकृत वनस्पति वसा (Hydrogenated Vegetable Fat) मौजूद है, जो प्रीमियम चॉकलेट के मानकों के खिलाफ है।
यदि ये कंपनियां 7 दिनों के भीतर FSSAI को कोई पुख्ता और सही जवाब नहीं दे पाती हैं, तो खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSS Act, 2006) के तहत भारी जुर्माना या लाइसेंस रद्द होने जैसी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।





