टैंकर से पेट्रोल-डीजल चुराकर मिलाते थे खतरनाक साल्वेंट, लखनऊ में पकड़ा गया गैंग

Lucknow News: लखनऊ में पेट्रोल-डीजल चोरी कर खतरनाक साल्वेंट (एथेनॉल) मिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़। क्राइम ब्रांच ने ‘ऑपरेशन एथेनॉल शील्ड’ के तहत 4 आरोपियों को पकड़ा।

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पेट्रोल और डीजल की चोरी के साथ-साथ उसमें मिलावटखोरी करने वाले एक बड़े और शातिर नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। यूपी पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मलिहाबाद इलाके में एक गुप्त मिशन ‘ऑपरेशन एथेनॉल शील्ड’ (Operation Ethanol Shield) चलाकर इस रैकेट को दबोचा। पुलिस ने मौके से टैंकर ड्राइवर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो ईंधन में खतरनाक सॉल्वेंट (नकली एथेनॉल) मिलाकर उसे बाजार में ऊंचे दामों पर बेच रहे थे।

असली ईंधन में अवैध मिलावट

दरअसल, पिछले कुछ समय से लखनऊ में गाड़ियों के इंजन में अचानक आ रही तकनीकी दिक्कतों और शिकायतों के बाद क्राइम ब्रांच अलर्ट मोड पर थी। शक था कि असली खेल ईंधन में अवैध मिलावट का है। इसी कड़ी में एडीसीपी (क्राइम) किरण यादव की देखरेख में पुलिस टीम ने मलिहाबाद के संन्यासी बाग फ्लाईओवर के पास जाल बिछाया और एचपीसीएल (HPCL) के अमौसी टर्मिनल से आ रहे एक फ्यूल टैंकर को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

रास्ते में ही बदल जाता था खेल

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने जो खुलासे किए, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। यह गैंग अमौसी टर्मिनल से विधानसभा मार्ग स्थित एक फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप) के लिए निकलने वाले पेट्रोल-डीजल को रास्ते में ही गायब कर देता था। टैंकर का ड्राइवर रामतीर्थ रास्ते में ही मलिहाबाद के संन्यासी बाग फ्लाईओवर के पास रुकता था। वहां वह टैंकर से शुद्ध पेट्रोल-डीजल निकालकर मास्टरमाइंड अनिल कुमार को महज 75 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेच देता था।

ये भी पढ़े- दिल्ली-मेरठ के बाद अब UP में नमो भारत कॉरिडोर, योगी सरकार ने दी मंजूरी

कई हजार लीटर ईंधन और साल्वेंट बरामद

क्राइम ब्रांच और आबकारी विभाग की संयुक्त जांच में मौके से बड़ी मात्रा में ईंधन और अन्य सामग्री बरामद की गई. पुलिस ने 7750 लीटर पेट्रोल, 4000 लीटर डीजल, 1150 लीटर मिश्रित पेट्रोल और करीब 3200 लीटर साल्वेंट जब्त किया है. इसके अलावा टैंकर के पाइप और चैम्बर से 250 लीटर चोरी का तेल भी बरामद हुआ. मौके से मास्टर चाबी, डिप रॉड और प्लास्टिक पाइप जैसे उपकरण भी मिले, जिनका इस्तेमाल ईंधन निकालने और मिलावट के लिए किया जाता था.

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच ने मौके से इन चार आरोपियों को दबोचा है। अनिल कुमार (निवासी: मलिहाबाद), अभिषेक राजपूत (निवासी: काकोरी), धीरज सिंह (निवासी: उन्नाव) और रामतीर्थ (टैंकर चालक, निवासी: हरदोई)।

ये भी पढ़े- कार्यकाल समाप्त, लेकिन जिम्मेदारी बरकरार… सरकार ने अध्यक्षों को बनाया प्रशासक

Back to top button