
Lucknow News: होटल नोवोटेल में मिला युवा साइंटिस्ट का शव, बनाया था बैटरी वाला ट्रैक्टर
Lucknow News: लखनऊ के फाइव स्टार होटल नोवोटेल में 22 वर्षीय युवा वैज्ञानिक व ‘ड्रोन मैन’ राहुल सिंह का शव मिला है। जानिए क्या है पूरी घटना और कौन थे ये होनहार साइंटिस्ट।
Lucknow Novotel Hotel Scientist Death: राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में स्थित फाइव स्टार होटल ‘नोवोटेल’ (Novotel Hotel) से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ ठहरे देश के होनहार युवा वैज्ञानिक और ‘ड्रोन मैन’ (Drone Man) के नाम से मशहूर राहुल सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में होटल के कमरे में मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब कमरा खोला, तो राहुल बेड पर अचेत अवस्था में पड़े मिले, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चेक-आउट न करने पर खुला मौत का राज
महराजगंज जिले के रहने वाले राहुल सिंह सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे होटल नोवोटेल में आकर रुके थे। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक वे अपने रूम से बाहर नहीं निकले, तो होटल कर्मियों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब या हलचल न मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पुलिस की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के साथ जब मास्टर-की (Master Key) से कमरे का दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा हैरान करने वाला था। राहुल बेड पर औंधे मुंह बेसुध पड़े थे और पास में उल्टी (Vomiting) बिखरी हुई थी। शुरुआती जांच में पुलिस हार्ट अटैक या फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
कौन थे ‘ड्रोन मैन’ राहुल सिंह?
महराजगंज के एक साधारण किसान परिवार से आने वाले 22 वर्षीय राहुल सिंह गोरखपुर (MMMUT) के इनक्यूबेशन सेंटर में रिसर्चर थे। इतनी कम उम्र में ही विज्ञान जगत में उन्हें ‘ड्रोन मैन‘के नाम से जाना जाता था।
-
‘ड्रोन मैन’ नाम क्यों पड़ा?: उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन में फंसे लोगों की जान बचाने के लिए सिर्फ 80 हजार रुपये में एक एडवांस लाइफ-सेविंग ड्रोन बनाया था, जिसकी बाजार में कीमत लाखों में है।
-
अनोखे आविष्कार: 12वीं क्लास में उन्होंने बिना चार्जिंग के चलने वाला इको-फ्रेंडली ट्रैक्टर बनाया। इसके अलावा वे रोटी मेकर और बैटरी वाली साइकिल भी डिजाइन कर चुके थे।
-
लगातार 3 साल गोल्ड: महज 13 साल की उम्र से ‘इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल’ में हिस्सा लेकर उन्होंने लगातार तीन साल देश में पहला स्थान हासिल किया था।
फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
राहुल सिंह की मौत की खबर सुनते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है। बेटे के खोने के गम में उनकी मां रासमुनि देवी सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि वे इस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रहे हैं।





