
नेताजी सुभाष विद्या मंदिर में छात्र संसद का शपथ ग्रहण, विद्यार्थियों को मिला नया स्कूल वाहन
प्रतापपुर कमैचा के नेताजी सुभाष विद्या मंदिर में छात्र संसद का शपथ ग्रहण हुआ। मिशन शक्ति की जानकारी के साथ बच्चों को मिला नया स्कूल वाहन।
UP News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के प्रतापपुर कमैचा (चांदा) स्थित नेताजी सुभाष सरस्वती विद्या मंदिर में सोमवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जहां एक ओर विद्यालय में नवगठित ‘छात्र संसद’ एवं ‘शिशु भारती’ के भैया-बहनों का आधिकारिक शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ, वहीं दूसरी ओर विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को आवागमन की सुविधा के लिए एक नए स्कूल वाहन की सौगात भी दी। इस दोहरे आयोजन से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों में भारी हर्षोल्लास देखने को मिला।
छात्र संसद का शपथ ग्रहण
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य जटाशंकर मिश्र ने आए हुए सभी अभ्यागतों का परिचय कराया। चांदा कोतवाली के उप-निरीक्षक (SI) अवधेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति की कार्यप्रणाली और अनुशासन की सराहना करते हुए छात्र संसद के नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं। उप-निरीक्षक सुशील कुमार त्रिवेदी ने छात्र संसद एवं शिशु भारती के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
छात्राओं को दिए सुरक्षा टिप्स
समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से जागरूक किया गया। महिला आरक्षी अनीता पटेल एवं आरक्षी (सिपाही) आकाश शर्मा ने बच्चों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों (जैसे- 112, 1090, 1098 आदि) की विस्तार से जानकारी दी।
प्रबंधन ने दिया नया स्कूल वाहन
शपथ ग्रहण के साथ ही विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी समस्या का समाधान कर दिया। शहीद लाल प्रताप नगर, प्रतापपुर कमैचा स्थित विद्यालय के व्यवस्थापक व प्रतापपुर कमैचा खंड के संघ चालक सत्यदेव पांडेय ने छात्र-छात्राओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए विद्यालय को एक नया स्कूल वाहन (वैन) समर्पित किया।

बच्चों में छाई खुशी की लहर
नया वाहन मिलने से छात्राओं और छोटे बच्चों को अब दूर-दराज के इलाकों से आने-जाने में किसी भी प्रकार की असुविधा या असुरक्षा का सामना नहीं करना पड़ेगा। वाहन की चाबी सौंपे जाने के दौरान विद्यालय के आचार्यों और बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





