
Amitabh Bachchan: बिग बी के ब्लॉग ने बढ़ाई फैंस की चिंता, अस्पताल, ICU और सर्जरी का बयां किया दर्द
Amitabh Bachchan Health: हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के ताजा ब्लॉग पोस्ट ने उनके करोड़ों फैंस और शुभचिंतकों को गहरी चिंता में डाल दिया है। 83 वर्षीय दिग्गज अभिनेता ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पर हाल ही में अस्पताल में भर्ती होने, सर्जरी और आईसीयू (ICU) में बिताए गए मुश्किल समय को लेकर अपने दिल का हाल साझा किया है।
अमिताभ बच्चन ने डिस्चार्ज होने के बाद घर लौटने (Homecoming) के दौर को शारीरिक, मानसिक और व्यावहारिक रूप से सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण दौर करार दिया है।
‘अस्पताल से घर वापसी…’
बिग बी ने अपने ब्लॉग पोस्ट में भावुक होते हुए लिखा “अस्पताल में, एक सर्जरी में और आईसीयू में… कुशल डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ देख-रेख में। फिर डिस्चार्ज… और घर वापसी। यह घर वापसी का दौर सबसे कठिन चरण होता है शारीरिक, मनोवैज्ञानिक और व्यावहारिक रूप से…”
उन्होंने आगे जीवन की अनिश्चितता और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों पर गहराई से विचार करते हुए लिखा:“आप एक पूजनीय चैंपियन (Revered Champion) होते हैं और एक दिन हार आपके सामने आंखें तानकर खड़ी होती है… यह आपके जीवन का सबसे कठिन चरण होता है। कुछ लोग इसका बहादुरी से सामना करते हैं, तो कुछ घुटने टेक देते हैं। जो प्रयास करते हैं और निडर रहते हैं, वे हमेशा चैंपियन बने रहते हैं। जो ऐसा नहीं करते, वे समझौता कर लेते हैं और अतीत की महिमा में ही जीते हैं। यह चुनाव हर व्यक्ति व्यक्तिगत रूप से करता है…”
X पर शेयर किया रहस्यमयी पोस्ट
ब्लॉग के तुरंत बाद अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक क्रिप्टिक (रहस्यमयी) पोस्ट साझा करते हुए लिखा:“T 5806 – खेल खत्म हो चुका है! लेकिन काम अभी भी जारी है।”
T 5806 – खेल समाप्त हो गया ! पर काम चल रहा है
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) July 20, 2026
अमिताभ बच्चन की इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने और लंबी उम्र की प्रार्थनाएं करने लगे हैं। हालांकि, बिग बी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह सर्जरी हाल ही में हुई है या वे अपने पिछले किसी इलाज के अनुभव को बयां कर रहे थे।
कार्यक्षेत्र की बात करें तो 83 वर्ष की आयु में भी अमिताभ बच्चन लगातार सक्रिय हैं। वे अपनी आगामी फिल्मों के प्रोजेक्ट्स और टीवी शो के प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में जुटे हुए हैं।
ये भी पढ़े- Awarapan 2: बॉलीवुड में कमबैक करेंगे अरिजीत सिंह, आवारापन 2′ के गाने को दी आवाज?





