
Awarapan 2 का टाइटल ट्रैक हुआ रिलीज, अरिजीत सिंह की आवाज ने फिर छेड़े दर्द के तार
इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' का टाइटल सॉन्ग 'ये आवारापन' रिलीज। अरिजीत सिंह की सुरीली आवाज ने जीता फैंस का दिल।
Awarapan 2: बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) की बहुप्रतीक्षित कल्ट क्लासिक सीक्वल फिल्म ‘आवारापन 2′ (Awarapan 2) को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होता नजर आ रहा है। मेकर्स ने फिल्म का नया और सबसे खास टाइटल ट्रैक ‘ये आवारापन’ (Yeh Awarapan) आधिकारिक रूप से रिलीज कर दिया है।
इस दर्द भरे और भावुक गाने को अपनी मखमली आवाज दी है मशहूर गायक अरिजीत सिंह (Arijit Singh) ने, जिनकी गायकी ने एक बार फिर से संगीत प्रेमियों के दिलों को छू लिया है।
अमाल मलिक का संगीत और रश्मि विराग के बोल
‘ये आवारापन’ गाने को संगीतकार अमाल मलिक (Amaal Mallik) ने कंपोज किया है, जबकि इसके गहरे और दिल को छू लेने वाले बोल रश्मि विराग (Rashmi Virag) ने लिखे हैं।
गाने की शुरुआत ही ‘मेरी जिंदगी का सफर खो गया है, तू इस दिल से जबसे जुदा हो गया है…‘ जैसे बेहद भावुक बोलों से होती है, जो फिल्म के मुख्य किरदार ‘शिवम पंडित’ (इमरान हाशमी) के अकेलेपन, बीते अतीत और अधूरे प्यार के दर्द को बयां करते हैं।
संन्यास के ऐलान के बाद आया गाना
गौरतलब है कि साल 2026 की शुरुआत में अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से अचानक संन्यास का ऐलान कर पूरे देश को चौंका दिया था। ऐसे में ‘आवारापन 2’ का यह गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है।
रिपोर्ट्स की मानें तो यह गाना अरिजीत सिंह ने अपने ब्रेक/संन्यास की घोषणा से पहले ही प्रोजेक्ट प्रतिबद्धता के तहत रिकॉर्ड कर लिया था, जिसे अब मेकर्स ने रिलीज किया है।
ये भी पढ़े- Awarapan 2: बॉलीवुड में कमबैक करेंगे अरिजीत सिंह, आवारापन 2′ के गाने को दी आवाज?
कब रिलीज होगी फिल्म?
नितिन कक्कड़ द्वारा निर्देशित फिल्म ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी और सुरेंद्र विक्की मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ये भी पढ़े- Amitabh Bachchan: बिग बी के ब्लॉग ने बढ़ाई फैंस की चिंता, अस्पताल, ICU और सर्जरी का बयां किया दर्द





