‘क्या अब बेटियों के कपड़े फाड़ेंगे?’ दिल्ली लाठीचार्ज पर लोकसभा में गरजे अखिलेश यादव

दिल्ली में NEET और छात्र प्रदर्शन पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना। बोले- छात्रों पर अत्याचार सबसे बड़ी नाकामी, विश्वगुरु बनने का दावा करने वाली सरकार का पर्दाफाश।

Akhilesh Yadav In Lok Sabha: दिल्ली में NEET परीक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरे छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि एक तरफ सड़कों पर आंदोलन कर रहे युवाओं और छात्रों पर बल प्रयोग किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ उनकी आवाज उठाने वाले विपक्षी सांसदों को थानों में बैठाकर रखा जा रहा है।

‘विश्वगुरु बनने का दावा…’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों और नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो सरकार खुद को ‘विश्वगुरु’ और देश को ‘अमृत काल’ में होने का दावा करती है, वह युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा तक नहीं दे पा रही है।

अखिलेश ने सवाल उठाया कि अगर NEET परीक्षा में धांधली और गड़बड़ियां हुईं, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? किसकी साख दांव पर लगी है? उन्होंने कहा कि सरकार अपने नाकाम मंत्रियों को पद से हटाने तक की हिम्मत नहीं दिखा पा रही है। युवाओं पर हो रहे अत्याचार सरकार की सबसे बड़ी नाकामी हैं।

‘अंग्रेज भी सुनते थे विरोध की आवाज’

महात्मा गांधी के सत्याग्रह का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि जब देश में विरोध प्रदर्शन होते थे, तो अंग्रेज हुकूमत भी जनता और प्रदर्शनकारियों की बात सुनती थी। गांधी जी ने दुनिया को शांतिपूर्ण विरोध का रास्ता दिखाया था। लेकिन यह सरकार युवाओं से बात करने के बजाय उनके दमन पर तुली है।

“हमारे सांसदों को पुलिस स्टेशनों में बैठाया जा रहा है और बाहर मासूम बच्चों को पीटा जा रहा है। अगर आपने युवाओं को नौकरियां दी होतीं, तो आज वे सड़कों पर उतरने को मजबूर नहीं होते। NEET परीक्षार्थियों को तुरंत न्याय मिलना चाहिए।”

ये भी पढ़े- CJP Protest: सरकार मानेगी सोनम वांगचुक की शर्तें? आज फिर CJP से मिलेंगे जेपी नड्डा

लोकतंत्र और युवाओं के भविष्य पर संकट

संसद सत्र के दौरान विपक्ष लगातार छात्रों के आंदोलन, पेपर लीक और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है। अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर संसद तक छात्रों और युवाओं के हक की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।

ये भी पढ़े- देश बचाओ मोर्चा का आह्वान, भारत-अमेरिका FTA के खिलाफ किसान फिर सड़क पर…

Back to top button