‘उन्होंने सुहेलदेव की विरासत नहीं, गाजी मियां का मेला चुना’; विपक्ष पर बरसे CM Yogi

UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को श्रावस्ती दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने महाराजा सुहेलदेव की वीरता और विरासत का सम्मान करने के बजाय विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी (गाजी मियां) के नाम पर मेले आयोजित कराए। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि जनता ने ऐसे दलों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया। यह टिप्पणी उन्होंने जिले में 396 करोड़ रुपये की 83 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव भारत की अस्मिता, स्वाभिमान और विदेशी आक्रमणकारियों के खिलाफ संघर्ष के प्रतीक हैं। लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने उनके योगदान को भुलाकर उस व्यक्ति के नाम पर मेले और आयोजनों को बढ़ावा दिया, जिसने इस धरती पर आक्रमण किया था। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने स्पष्ट नीति बनाई है कि “नए भारत और नए उत्तर प्रदेश” में किसी विदेशी आक्रांता के नाम पर न तो स्मारक स्वीकार किया जाएगा और न ही उसके नाम पर मेला आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि अब सरकार महाराजा सुहेलदेव के नाम पर भव्य आयोजन करेगी और उनकी गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी।

विपक्ष पर साधा निशाना
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों का ध्यान विकास की बजाय वोट बैंक की राजनीति पर केंद्रित रहा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें कब्रिस्तानों की बाउंड्री और गाजी मियां के मेले में व्यस्त थीं, जबकि जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही थी। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत को समान महत्व दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए कहा कि अब प्रदेश में “मच्छर और माफिया” दोनों का आतंक समाप्त हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि पहले भर्ती प्रक्रियाओं में “पर्ची और खर्ची” का बोलबाला था, लेकिन अब पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट आधारित हो चुकी है।

श्रावस्ती के विकास की गिनाईं उपलब्धियां
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती और आसपास के क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पूर्वांचल के पिछड़े जिलों को तेजी से विकास की मुख्यधारा में ला रही है। उन्होंने बताया कि जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई से जुड़ी कई परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने श्रावस्ती को फोरलेन सड़क से जोड़ने और सरयू नहर परियोजना के विस्तार का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, आवास की चाबियां, स्वीकृति पत्र और अन्य सहायता भी वितरित की गई।

यह भी पढ़ें…

Devi Patan मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए किया विशेष पूजन…

कानून-व्यवस्था पर सरकार का दावा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटी और व्यापारी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जो भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा, उसके लिए “जेल या जहन्नुम” ही स्थान होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दंगों और उपद्रव की पहचान से निकलकर निवेश, रोजगार और विकास की नई पहचान बना रहा है।

यह भी पढ़ें…

UPEIDA को भूमि हस्तांतरण को मंजूरी, झांसी में डिफेंस निवेश की राह हुई आसान…

2027 चुनाव से पहले राजनीतिक संदेश
राजनीतिक जानकार मुख्यमंत्री के इस बयान को 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति से भी जोड़कर देख रहे हैं। महाराजा सुहेलदेव का नाम लंबे समय से पूर्वांचल की राजनीति में महत्वपूर्ण रहा है और भाजपा उन्हें सांस्कृतिक गौरव तथा ऐतिहासिक स्वाभिमान के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत करती रही है। ऐसे में श्रावस्ती और बहराइच क्षेत्र से दिया गया यह संदेश विपक्ष पर वैचारिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर दबाव बनाने की कोशिश माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें…

लखनऊ में सुरमई शाम का दिखा यादगार संगम, रूपेश और नीता बने बेस्ट सिंगर

Back to top button