
CJP Protest: यूपी के सभी जिलों में बड़े प्रदर्शन की तैयारी, CJP ने देशवासियों से की अपील
सीजेपी (CJP) ने पुलिस बर्बरता और पेपर लीक के विरोध में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में 24 जुलाई को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।
CJP Protest In UP: नीट (NEET) परीक्षा में धांधली, पेपर लीक और जंतर-मंतर पर हुए हालिया विवादों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आंदोलन को देशव्यापी रूप देने की घोषणा की है। सीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक आधिकारिक पोस्टर जारी कर उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश के हर जिले में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का बड़ा आह्वान किया है।
पार्टी ने इसे “Every District. One Day. One Demand” का नाम दिया है, जिसके तहत युवाओं और छात्रों से सड़कों पर उतरने की अपील की गई है।
क्या है CJP की मुख्य मांग और अपील?
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके और पार्टी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि यह प्रदर्शन पूरी तरह से अहिंसक और शांतिपूर्ण रहेगा।
पार्टी की ओर से देश और प्रदेश की जनता से अपील की गई है:
-
देश के हर जिला मुख्यालय और प्रमुख स्थानों पर नागरिक और छात्र शांतिपूर्ण तरीके से इकट्ठा होकर अपनी आवाज बुलंद करें।
-
जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए बल प्रयोग और लाठीचार्ज के खिलाफ एकजुट हों।
-
पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी सजा, पारदर्शिता और शिक्षा प्रणाली में ठोस बदलाव की मांग को लेकर आवाज उठाएं।
उत्तर प्रदेश में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
यूपी में इस कॉल के सामने आने के बाद राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। संवेदनशील जिलों जैसे लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर में प्रमुख कलेक्ट्रेट परिसरों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
‼️Nationwide Call For Peaceful Protest‼️ pic.twitter.com/D2jte841z2
— Cockroach is Back (@Cockroachisback) July 23, 2026
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है, और किसी भी तरह की अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। वहीं, सीजेपी के प्रतिनिधियों ने दोहराया है कि उनका आंदोलन गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण रहेगा।





