
डॉ. दिव्या श्रीवास्तव को स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना स्मृति सम्मान 2026
दयानंद कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. दिव्या श्रीवास्तव को डॉ. दरबारी लाल अस्थाना स्मृति सम्मान-2026 से नवाजा गया। पढ़ें 'वंदे मातरम् नृत्योत्सव' की पूरी रिपोर्ट।
डॉ. दरबारी लाल अस्थाना ट्रस्ट की ओर से उत्तर प्रदेश के महान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय डॉ. दरबारी लाल अस्थाना की जयंती के अवसर पर शनिवार (25 जुलाई 2026) को भव्य स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। महानगर स्थित दयानंद कन्या इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित इस समारोह में कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. दिव्या श्रीवास्तव को ‘स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना स्मृति सम्मान-2026’ से अलंकृत किया गया।
भारतीय सांस्कृतिक हर नागरिक की पहचान
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संस्कृत भारती न्यास (अवध प्रांत) के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अपनी जड़ों से जुड़ने और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा
“हमारी भारतीय सांस्कृतिक पहचान प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। युवाओं और बच्चों को अपने गौरवशाली इतिहास और पूर्वजों के बारे में पता होना चाहिए। प्रत्येक छात्र-छात्रा को कम से कम अपने परदादा-परदादी के नाम अवश्य याद होने चाहिए।”
कौन थे डॉ. दरबारी लाल अस्थाना?
वरिष्ठ रंगकर्मी और डॉ. दरबारी लाल अस्थाना के सुपुत्र पुनीत अस्थाना ने अपने पिता के जीवन संघर्षों को याद किया। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई 1905 को आगरा में जन्मे डॉ. दरबारी लाल अस्थाना एक प्रखर वक्ता, सामाजिक सुधारक और निडर क्रांतिकारी थे। देश की आजादी में उनके अविस्मरणीय योगदान के लिए पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने 15 अगस्त 1972 को उन्हें ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया था। 3 मार्च 1985 को लगभग 80 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संगम
कार्यक्रम संयोजिका शुभ्रा अस्थाना के मार्गदर्शन और वरिष्ठ नृत्य निर्देशिका रत्ना अस्थाना के निर्देशन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं: रंग दे बसंती’ गीत पर स्वस्तिका मौर्या, वीरा मौर्या, रक्षा शर्मा, स्वस्तिका त्रिपाठी, सान्वी सिंह और अग्रिमा चौरसिया ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं ‘डॉ. दरबारी लाल अस्थाना’ थीम सॉन्ग पर स्वस्तिका मौर्या ने भाव नृत्य प्रस्तुत किया।
गुरुओं और कलाकारों का अभिनंदन
कार्यक्रम का कुशल संचालन आराध्या तिवारी द्वारा किया गया। समारोह के दौरान कोरियोग्राफर रत्ना अस्थाना और दयानंद कन्या इंटर कॉलेज दल की नृत्य निर्देशिका सुश्री अनामिका चटर्जी को सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागी बच्चों को पारितोषिक देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर लक्ष्मण गौड़, विवेक पाण्डेय, संदीप बिसारिया, योगेश श्रीवास्तव, जयशंकर प्रसाद शुक्ला, दबीर सिद्दीकी, मधुर मोहन तिवारी, अनवर बेग, सुधा शर्मा, लक्ष्मी मौर्या और सविता श्रीवास्तव समेत लखनऊ के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





