
CWG 2026: दो दिन से खाना नहीं खाया…, गोल्ड जीतने के बाद छलका मीराबाई चानू का दर्द
ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाली मीराबाई चानू ने किया चौंकाने वाला खुलासा। गोल्ड जीतने से पहले 2 दिन भूखी रही थीं मीराबाई।
Mirabai Chanu CWG 2026 Gold Medal: राष्ट्रमंडल खेल 2026 (Commonwealth Games 2026) में भारत का स्वर्णिम खाता खुल गया है। देश की स्टार महिला भारोत्तोलक (वेटलिफ्टर) मीराबाई चानू (Mirabai Chanu) ने महिलाओं की 48 किग्रा भारवर्ग स्पर्धा में रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन करते हुए भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया।
कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली मीराबाई चानू ने पोडियम से उतरने के तुरंत बाद एक ऐसा खुलासा किया, जिसने हर भारतीय के रोंगटे खड़े कर दिए।
मीराबाई का बड़ा खुलासा
स्वर्ण पदक जीतने के बाद राष्ट्रगान के दौरान मीराबाई के आंसू छलक पड़े थे। पदक समारोह के बाद जब पत्रकार बातचीत करने पहुंचे, तो 31 वर्षीय मीराबाई ने मुस्कुराते हुए कहा मीराबाई चानू ने कहा कृपया सवाल जल्दी-जल्दी पूछिए, मैंने पिछले 2 दिन से खाना नहीं खाया है। मुझे बहुत तेज भूख लगी है।
बॉडी वेट (वजन) को 48 किग्रा की कैटेगरी में बनाए रखने और कड़े नियमों का पालन करने के लिए मीराबाई को मैच से 48 घंटे पहले से भूखा रहना पड़ा था। इस कड़े त्याग और लगन की बदौलत उन्होंने न सिर्फ भारत को सोना दिलाया, बल्कि साबित किया कि वे एक असली चैंपियन हैं।
बनाए नए रिकॉर्ड्स
मैच के दौरान मीराबाई चानू की शुरुआत थोड़ी झिझक के साथ हुई जब स्नैच और क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयासों में उनसे चूक हुई। हालांकि, उन्होंने तुरंत वापसी की और प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ दिया। 85 किग्रा वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया। 105 किग्रा का शानदार भार उठाया। कुल 190 किग्रा भार उठाकर नया रिकॉर्ड दर्ज किया और रजत पदक विजेता नाइजीरियाई खिलाड़ी (168 किग्रा) से 22 किग्रा आगे रहीं।
अगला लक्ष्य एशियन गेम्स
जीत के बाद भावुक हुई मीराबाई चानू ने अपने परिवार और लंबे समय से कोच रहे विजय शर्मा के समर्थन को श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि इस बार उनका मुख्य ध्यान दो महीने बाद होने वाले एशियन गेम्स (Asian Games) पर है, इसलिए उन्होंने ग्लासगो में कोई अतिरिक्त जोखिम नहीं लिया और स्वर्ण पक्का होते ही अपनी अंतिम लिफ्ट छोड़ दी।
ये भी पढ़े- CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स का रंगारंग आगाज; मीराबाई-लवलीना ने की भारतीय दल की अगुआई





