
Gen-Z के बाद सड़क पर उतरी ‘Gen-Alpha’, फतेहपुर के स्कूल में बच्चों ने खोला मोर्चा
फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज में पीने के पानी, बिजली और शौचालय की बदहाली पर छोटे बच्चों ने प्रदर्शन किया। DIOS ने 24 घंटे में मांगें पूरी करने का दिया आश्वासन।
Fatehpur School Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं और छात्रों के प्रदर्शन के ठीक बाद, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से स्कूली बच्चों के विरोध-प्रदर्शन का एक अनोखा मामला सामने आया है। खागा तहसील अंतर्गत किशुनपुर कस्बा स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से तंग आकर सैकड़ों छोटे-छोटे स्कूली बच्चे (‘जेन-अल्फा’) मंगलवार को सड़कों पर उतर आए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हाथों में बैनर और तख्तियां लिए इन मासूम बच्चों ने जब स्कूल प्रशासन और प्रिंसिपल की तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाई, तो उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
टोटियों से निकलते हैं कीड़े
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज में पढ़ाई का माहौल और बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर बद से बदतर हो चुका है।पीने के पानी की टोटियों से पानी के साथ कीड़े-मकोड़े निकलते हैं। क्लासरूम में लगे पंखे चलते ही करंट का झटका देते हैं, जिससे बच्चों को जान का खतरा बना रहता है।
शौचालयों की हालत इतनी खराब है कि वहां एक मिनट भी खड़ा होना मुश्किल है। बच्चों का दावा है कि जब भी वे इन सुविधाओं या टूटे बेंच-डेस्क के बारे में शिकायत करते हैं, तो प्रिंसिपल द्वारा उन्हें परीक्षाओं में फेल करने की धमकी दी जाती है।
DIOS ने लिया तुरंत संज्ञान
मासूम बच्चों के उग्र प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर मामला तूल पकड़ने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राकेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बच्चों से सीधे बातचीत की और उनकी सभी शिकायतों को सुना।
View this post on Instagram
DIOS राकेश कुमार ने कहा बच्चों को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। अगले 24 घंटे के अंदर हर क्लास में 4-4 नए पंखे, शुद्ध आरओ वाटर (RO Water) की व्यवस्था और बिजली आपूर्ति दुरुस्त कर दी जाएगी। इसके साथ ही एक महीने में नए फर्नीचर व शौचालय की मरम्मत कराई जाएगी।
ये भी पढ़े- Jauhar University: ‘शिक्षा परिसरों पर न चले बुलडोजर’, आजम खान के पक्ष में उतरीं मायावती
सोशल मीडिया पर बच्चों की तारीफ
इस प्रदर्शन का वीडियो वायरल होने के बाद आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद समेत कई राजनेताओं ने भी बच्चों के अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की तारीफ की। इंटरनेट यूज़र्स का कहना है कि आज की नई पीढ़ी (‘जेन-अल्फा’) अब अपने अधिकारों और अकाउंटेबिलिटी (जवाबदेही) को लेकर पूरी तरह सजग है।
ये भी पढ़े- Lucknow News: अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे कोटेदार, राशन न बांटने की चेतावनी





