
CWG 2026: नीरज चोपड़ा संग 3 भारतीयों की जेवलिन के फाइनल में एंट्री, अरशद नदीम को पछाड़ा
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह ने मेन्स जेवलिन थ्रो के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। पाकिस्तान के अरशद नदीम 7वें पायदान पर रहे।
Commonwealth Games 2026: ग्लासगो में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (CWG 2026) के आठवें दिन भारत के लिए एथलेटिक्स से बेहद शानदार खबर आई है। पुरुषों के जेवलिन थ्रो (भाला फेंक) क्वालिफिकेशन राउंड में भारत के स्टार एथलीट और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने आसानी से फाइनल के लिए टिकट कटा लिया है।
नीरज के अलावा भारत के दो अन्य युवा एथलीट रोहित यादव और यशवीर सिंह ने भी फाइनल में जगह बनाई है। वहीं, पेरिस ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट पाकिस्तान के अरशद नदीम (Arshad Nadeem) क्वालिफिकेशन में 7वें स्थान पर रहे।
ऐसा रहा नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन
स्कॉटलैंड के कठिन और हवादार मौसम के बीच 84 मीटर के ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मार्क को कोई भी एथलीट पार नहीं कर सका। ऐसे में टॉप-12 प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को फाइनल में जगह दी गई।
नीरज चोपड़ा ने अपने अभियान की शुरुआत 76.28 मीटर के थ्रो के साथ की। दूसरे प्रयास में नीरज ने अपनी लय पकड़ी और 79.61 मीटर का थ्रो फेंककर सीधे 5वें स्थान पर कब्जा कर लिया। फाइनल के लिए जगह सुरक्षित होते ही नीरज ने अपना तीसरा अटेम्प्ट (प्रयास) छोड़ दिया।
रोहित और यशवीर ने भी दिखाया दम
भारत के लिए सबसे बड़ी राहत और खुशी की बात यह रही कि देश के तीनों जेवलिन थ्रोअर्स ने टॉप-12 फाइनलिस्ट में जगह बनाई। रोहित ने अपने दूसरे प्रयास में 78.37 मीटर का भाला फेंका और ओवरऑल 9वें स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया। यशवीर ने अपने तीसरे और अंतिम प्रयास में बेहतरीन सुधार करते हुए 78.36 मीटर की दूरी तय की और 10वें स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
ये भी पढ़े-CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को तीसरा गोल्ड, पैरा-एथलीट गावित ने रचा इतिहास
7वें स्थान पर पाकिस्तान के अरशद
पेरिस ओलंपिक 2024 में गोल्ड जीतने वाले पाकिस्तान के अरशद नदीम का क्वालिफिकेशन राउंड में प्रदर्शन थोड़ा निराशाजनक रहा। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 78.63 मीटर का थ्रो किया, जिसके बाद वे आगे के प्रयासों में अपनी दूरी सुधार नहीं सके और तालिका में 7वें स्थान पर रहे।
क्वालिफिकेशन राउंड की टॉप स्टैंडिंग्स:
| रैंक | एथलीट (देश) | बेस्ट थ्रो |
| 1 | रुमेश पथिरागे (श्रीलंका) | 82.84 मीटर |
| 2 | एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा) | 81.29 मीटर |
| 5 | नीरज चोपड़ा (भारत) | 79.61 मीटर |
| 7 | अरशद नदीम (पाकिस्तान) | 78.63 मीटर |
| 9 | रोहित यादव (भारत) | 78.37 मीटर |
| 10 | यशवीर सिंह (भारत) | 78.36 मीटर |
भारत के पास ट्रिपल मेडल का मौका
श्रीलंका के युवा थ्रोअर रुमेश पथिरागे ने 82.84 मीटर का सबसे लंबा थ्रो फेंककर क्वालिफिकेशन तालिका में टॉप किया। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत के पास एक नहीं बल्कि तीन-तीन मेडल जीतने का ऐतिहासिक अवसर होगा।
ये भी पढ़े- CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को मिला दूसरा गोल्ड, पदकों का आंकड़ा पहुंचा 10 के पार





