
Batwara 1947: ‘पाकिस्तान हमारी मौसी है…’, ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में बयान देकर घिरे एक्टर
'बंटवारा 1947' के प्रमोशनल इवेंट में सनी देओल ने पाकिस्तान को भारत की 'मौसी' बता दिया। अपने पिता धर्मेंद्र की बात याद करते हुए दिए गए इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक्टर जमकर ट्रोल हो रहे हैं।
Batwara 1947: बॉलीवुड के एक्शन स्टार सनी देओल (Sunny Deol) इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बंटवारा 1947’ (Batwara 1947) के प्रमोशन में जोरों-शोरों से लगे हुए हैं। लेकिन फिल्म की रिलीज से ठीक पहले एक्टर एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। पटना में एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान सनी देओल ने पाकिस्तान को भारत की “मौसी” बता दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया है।
सनी देओल ने क्या कहा?
दरअसल, ‘बंटवारा 1947’ की कहानी भारत-पाकिस्तान के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इवेंट के दौरान जब एक रिपोर्टर ने सनी देओल से पूछा कि वह पड़ोसी देश पाकिस्तान को किस नजरिए से देखते हैं?
इस पर सनी ने अपने पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का जिक्र करते हुए कहा, “पहले दोनों देश एक ही थे। जैसा कि मेरे पिता कहा करते थे, भारत मां है और पाकिस्तान भारत से ही निकला है, इसलिए वह मौसी बन गया। हम सब एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।”
सनी देओल का यह बयान कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते यह क्लिप सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई।
सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल हुए
सोशल मीडिया यूजर्स ने एक्टर को आड़े हाथों लेते हुए जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया है।
एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “अगर मौके का फायदा उठाना एक कला है, तो सनी देओल इसके कलाकार हैं।” एक अन्य यूजर ने एक्टर की पुरानी फिल्मों का जिक्र करते हुए लिखा, “गदर से गद्दार की ओर क्यों सनी पाजी? तो तारा सिंह अब सकीना के साथ पाकिस्तान में रहेंगे?” एक यूजर ने भड़कते हुए कहा, “कितनी शर्मनाक स्टेटमेंट है… क्या पाकिस्तान की इमेज सुधारने के लिए फिल्म बना रहे हो?”
लोगों का यह भी आरोप है कि चूंकि फिल्म में सनी देओल एक मुस्लिम किरदार निभा रहे हैं, इसलिए वह अचानक पाकिस्तान के पक्ष में बयानबाजी कर रहे हैं।
ये भी पढ़े-Ramayana Trailer के विवाद के बीच Rakul Preet Singh ने बताई शूर्पणखा बनने की असली वजह
‘बंटवारा 1947’ के बारे में
आपको बता दें कि फिल्म ‘बंटवारा 1947’ देश के बंटवारे के दर्दनाक दौर की कहानी है, जो हिंसा, विस्थापन और एक परिवार के संघर्ष को पर्दे पर उतारेगी। इस फिल्म में सनी देओल के अलावा दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अली फजल और अभिमन्यु सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं।
हाल ही में अपनी फिल्म की सफलता की कामना के लिए सनी देओल और उनके बेटे करण देओल ने बिहार के तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में माथा भी टेका था। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना यह है कि रिलीज से ठीक पहले खड़ा हुआ यह विवाद फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को फायदा पहुंचाता है या नुकसान।
ये भी पढ़े-Thalapathy Vijay और तृषा पर कमेंट को लेकर भारी बवाल, हिरासत में पूर्व डिप्टी CM उदयनिधि स्टालिन





