
PSC-JSSC आंदोलन पर सुलह के संकेत: CM सोरेन ने भेजा वार्ता का संदेश, छात्रों ने रखी खुली बातचीत की शर्त
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भेजा वार्ता का संदेश, छात्रों ने कहा- मीडिया की मौजूदगी में ही होगी बातचीत।
PSC-JSSC Protest: रांची। झारखंड में JPSC-JSSC समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में पिछले 13 दिनों से जारी छात्र आंदोलन के बीच सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत की संभावना बनती दिख रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से वार्ता का संदेश भेजे जाने के बाद गुरुवार को दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो सकती है।
SDM ने दिया सीएम का संदेश
रांची। झारखंड मुख्यमंत्री का संदेश लेकर रांची के SDM आंदोलन स्थल पहुंचे। छात्र प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, छात्रों ने स्पष्ट किया कि वे बंद कमरे में होने वाली बैठक में शामिल नहीं होंगे।
छात्रों की शर्त:
छात्र नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ बातचीत खुले मंच पर और मीडिया की मौजूदगी में होनी चाहिए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे। उनका कहना है कि आंदोलन पूरी तरह छात्रों के हित और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर है।
‘मांगों पर सहमति के बाद ही खत्म होगा आंदोलन’
छात्र नेता पीयूष कुमार और रवींद्र पासवान ने कहा कि सरकार यदि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेती है, तभी आंदोलन समाप्त करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण भर्ती प्रक्रिया की मांग के लिए चल रहा है।
सरकार पर उठाए सवाल, अफवाहों का किया खंडन
छात्रों ने सवाल उठाया कि सरकार ने 13 दिनों तक वार्ता की पहल क्यों नहीं की। साथ ही उन्होंने आंदोलन खत्म होने की अफवाहों को भी खारिज किया। उनका कहना है कि केवल JLKM नेता देवेंद्र महतो ने जल ग्रहण कर अपना अनशन समाप्त किया है, जबकि छात्रों का सामूहिक अनशन अब भी जारी है।
यह भी पढ़े: झारखंड JPSC-JSSC धांधली पर भड़के युवा, रांची में आंदोलन के लिए सड़क पर उतरे छात्र
आंदोलन को मिल रहा विभिन्न संगठनों का समर्थन
छात्र आंदोलन को कई संगठनों का समर्थन मिलने लगा है। जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त को वामपंथी दलों और कॉकरोच पार्टी के नेताओं के रांची पहुंचने की संभावना है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे विधानसभा घेराव में भी शामिल हो सकते हैं। ऐसे में विधानसभा सत्र के दौरान सरकार और छात्रों के बीच संभावित वार्ता पर सभी की नजरें टिकी हैं।





