
CM सोरेन के जन्म दिवस पर PM मोदी ने दी बधाई
हेमंत को सोशल मीडिया पर मिलीं शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमंत को केंद्रीय मंत्रत्रियों ने भी दी शुभकामनाएं
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आज जन्म दिवस है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें जन्म दिन की शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने हेमंत सोरेन के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। वहीं, जन्मदिन के मौके पर उनके राजनीतिक सफर और मुख्यमंत्री के रूप में उनके उतार-चढ़ाव की भी चर्चा हो रही है। हेमंत सोरेन का जन्म 10 अगस्त 1975 को झारखंड के रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में हुआ था। वह वरिष्ठ आदिवासी नेता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन के बेटे हैं। हेमंत सोरेन ने राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और झारखंड की राजनीति में एक प्रमुख आदिवासी नेता के रूप में उभरे।
2009 में शुरू हुआ राजनीतिक सफर
हेमंत सोरेन का संसदीय राजनीतिक सफर वर्ष 2009 में शुरू हुआ, जब वह झारखंड से राज्यसभा सदस्य बने। सितंबर 2010 में उन्हें झारखंड का उपमुख्यमंत्री बनाया गया और वह जनवरी 2013 तक इस पद पर रहे। इसके बाद वर्ष 2013 में उन्होंने झामुमो, राजद और कांग्रेस के गठबंधन वाली सरकार का नेतृत्व करते हुए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। हेमंत सोरेन का झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में पहला कार्यकाल 13 जुलाई 2013 से 23 दिसंबर 2014 तक रहा। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में वह दुमका सीट से हार गए, लेकिन बरहेट विधानसभा सीट से जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत बनाए रखी। जनवरी 2015 में उन्हें झारखंड विधानसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया। वर्ष 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को बहुमत मिला। हेमंत सोरेन ने दुमका और बरहेट दोनों विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों सीटों पर जीत दर्ज की। इसके बाद वह दूसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने। वर्ष 2022 में उन्होंने झारखंड विधानसभा में विश्वास मत भी सफलतापूर्वक हासिल किया, जिससे मुख्यमंत्री के तौर पर उनकी स्थिति और मजबूत हुई।





