यूपी विधानसभा है विद्यार्थियों-युवाओं की ज्ञान एवं प्रेरणा का केंद्र

कानपुर के विधि छात्र प्रतिनिधिमंडल ने देखा यूपी विधानसभा

विस अध्यक्ष ने किया लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए प्रति प्रेरित

लोकतंत्र की सफलता संविधान के प्रति आस्था:सतीश महाना

लखनऊ। कानपुर के 25 सदस्यीय विधि छात्र प्रतिनिधिमंडल ने प्रतिनिधि कुशाग्र द्विवेदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विधानसभा का शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली, संसदीय परंपराओं तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को निकट से समझने का अवसर प्राप्त किया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदन का अवलोकन किया तथा जाना कि सदन की कार्यवाही किस प्रकार संचालित होती है। उन्हें प्रश्नकाल, शून्यकाल, विधेयकों की प्रक्रिया, विभिन्न संसदीय समितियों की भूमिका तथा जनप्रतिनिधियों की संवैधानिक जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधानमंडल की भूमिका और जनहित से जुड़े विषयों पर होने वाली संसदीय प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया।

विधानसभा के पुस्तकालय का भी किया भ्रमण 

प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा के समृद्ध पुस्तकालय का भी भ्रमण किया, जहां विधि, संविधान, संसदीय परंपराओं तथा शासन-प्रशासन से संबंधित महत्वपूर्ण पुस्तकों एवं संदर्भ सामग्री का अवलोकन किया। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने विधानसभा संग्रहालय का भ्रमण कर उत्तर प्रदेश विधानसभा के गौरवशाली इतिहास, महत्वपूर्ण संसदीय घटनाओं, लोकतांत्रिक विकास यात्रा तथा ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं चित्रों की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने विधानसभा परिसर में उपलब्ध आधुनिक डिजिटल सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा तंत्र को भी निकट से देखा और समझा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने विधि छात्रों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की सफलता संविधान के प्रति आस्था, विधि के शासन और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर आधारित होती है।  एक विधि छात्र के लिए केवल पाठ्य पुस्तकों का अध्ययन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को व्यवहारिक रूप से समझना भी उतना ही आवश्यक है।

विधान सभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से संविधान की मूल भावना, न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के न्यायविद, अधिवक्ता, न्यायाधीश और जनप्रतिनिधि बनेंगे। इसलिए उन्हें सत्यनिष्ठा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने ज्ञान का उपयोग समाज के कल्याण के लिए करना चाहिए। उत्तर प्रदेश विधानसभा विद्यार्थियों और युवाओं के लिए सदैव ज्ञान एवं प्रेरणा का केंद्र रही है और ऐसे शैक्षणिक भ्रमण लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का प्रभावी माध्यम हैं।

प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्वकर्ता कुशाग्र द्विवेदी ने विधानसभा प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर लोकतांत्रिक संस्थाओं की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह भ्रमण सभी विधि छात्रों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं स्मरणीय सिद्ध हुआ, जिससे उनके संवैधानिक, संसदीय एवं विधिक ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

Back to top button