
Hardik Pandya की गुजरात टाइटंस में वापसी की चाहत? लेकिन इस बात पर फंसा पेंच…
MI के कप्तान हार्दिक पांड्या IPL 2027 में नई टीम के लिए खेल सकते हैं, उनकी ट्रेड डील की चर्चाएं चल रही हैं
Hardik Pandya Trade News: IPL 2027 का अगला सीजन शुरू होने में अभी समय बाकी है, लेकिन खिलाड़ियों की ट्रेड विंडो (Trade Window) को लेकर सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। ज्यादा चर्चा मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के स्टार ऑलराउंडर और कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) के भविष्य को लेकर हो रही है।
हालिया मीडिया रिपोर्ट्स में खुलासा हुआ है कि हार्दिक पांड्या अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) में वापस लौटना चाहते थे। हालांकि, उनकी एक शर्त की वजह से GT ने इस डील से हाथ पीछे खींच लिए।
क्यों फंसा पेंच?
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन और कप्तानी को लेकर उठे विवादों के बाद हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस में वापसी की संभावनाओं पर बातचीत की थी।
रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात टाइटंस फ्रेंचाइजी अपने पूर्व कप्तान को वापस लेने के लिए तैयार थी। इस सिलसिले में मौजूदा कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) से भी बात की गई थी और वे हार्दिक की वापसी के पक्ष में थे।
मामला तब बिगड़ गया जब हार्दिक पांड्या ने टीम में वापसी के साथ दोबारा कप्तानी (Captaincy) सौंपने की शर्त रखी। गुजरात टाइटंस प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया कि वे शुभमन गिल को हटाकर कप्तानी के ढांचे में कोई बदलाव नहीं करना चाहते, जिसके बाद इस डील को खारिज कर दिया गया।
GT से सफलता, फिर MI में वापसी और विवाद
हार्दिक पांड्या 2022 में गुजरात टाइटंस में शामिल हुए थे और अपनी कप्तानी के पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाया था। इसके बाद 2023 में भी उन्होंने गुजरात को फाइनल तक पहुंचाया।
हालांकि, 2024 में वे मुंबई इंडियंस में लौट आए और रोहित शर्मा की जगह कप्तान बने। मुंबई इंडियंस के साथ उनका दूसरा कार्यकाल मैदान पर और मैदान के बाहर चुनौतियों से भरा रहा, जिसके बाद से उनके ट्रेड की अटकलें लगाई जा रही हैं।
ये भी पढ़े- IPL स्टार अभिषेक पोरेल गिरफ्तार, मेडिकल छात्रा ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
अब किस टीम में जा सकते हैं हार्दिक?
गुजरात टाइटंस से बातचीत बेनतीजा रहने के बाद अब क्रिकेट गलियारों में चर्चा है कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) जैसी फ्रेंचाइजियां भी ट्रेड विंडो के जरिए हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल करने की रेस में हैं। हालांकि, हार्दिक पांड्या की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ये भी पढ़े- BWF: बैडमिंटन वर्ल्ड कप में लंगूर की आवाज क्यों निकालेंगे इंसान? वजह जान हंसेंगे





