
मंदिर चंदा चोरी: SIT ने चंपत व अनिल को दी क्लीन चिट
जांच टीम ने शासन को सौंपी रिपोर्ट
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच अभी जारी
अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि मंदिर चंदाचोरी कांड में सबसे ज्यादा TRP पाने वाले चंपत राय और अनिल मिश्रा को UP सरकार की SIT ने क्लीन चिट दे दी है।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावा में कथित चोरी के मामले में ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा को बड़ी राहत मिली है। प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी अंतिम रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। इसके बाद रिपोर्ट को आगे की कार्रवाई के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, SIT की रिपोर्ट में चंपत राय और अनिल मिश्रा का नाम शामिल नहीं है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में गठित दूसरी जांच टीम की जांच अभी जारी है। ऐसे में मामले की पूरी जांच प्रक्रिया अभी समाप्त नहीं हुई है। चढ़ावे की रकम में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद चंपत राय और अनिल मिश्रा की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे थे। विवाद के बीच दोनों ने ट्रस्ट में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। अब प्रदेश सरकार द्वारा गठित SIT की रिपोर्ट में दोनों के नाम नहीं होने से उन्हें राहत मिली है।





