राहुल गांधी पैलेट गन पीड़ित के साथ थाने में धरने पर बैठे

दिल्ली। जंतर-मंतर पर आंदोलन के दौरान पैलेट गन से घायल साहिल की अभी तक एफआईआर दर्ज न किए जाने को लेकर आज नेता प्रतिपक्ष/कांग्रेस सांसद राहुल गांधी साहिल व उसके परिजनों एवं वकील के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे और डीसीपी सचिन शर्मा से एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर बात की, लेकिन पुलिस द्वारा साहिल की एफआईआर न दर्ज किए जाने के विरोध में राहुल गांधी अब संसद मार्ग थाने के प्रवेश द्वार पर सभी के साथ धरने पर बैठ गए हैं। बताते चलें कि इन्ही साहिल को लेकर राहुल गांधी पहले भी दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस कर चुके हैं, तब उन्होंने साहिल को मीडिया के सामने पेश कर पैलेट गन के छर्रों से उसके शरीर पर आईं चोटों को दिखाते हुए ये भी कहा था कि साहिल की एक आंख से उसे दिखना भी बंद हो गया है।

दिल्ली पुलिस की ओर से राहुल गांधी से कहा गया कि 20 जुलाई की घटना की जांच क्राइम ब्रांच द्वारा किया जा रहा है, आपकी (साहिल) शिकायत की काॅपी ले ली गई है उसे जांच अधिकारी को दिया जाएगा। लेकिन एफआईआर की मांग पर अड़े राहुल गांधी का धरना जारी है। राहुल के धरने पर बैठने की जानकारी मिलने पर अब बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व सांसदों/नेताओं का संसद मार्ग थाने पहुंचना शुरू हो गया है। पुलिस का भी अतिरिक्त बल वहां पहुंचना शुरू हो गया है।

Back to top button