IND vs SL: चोट का ऋषभ पंत ने अपने अंदाज में दिया जवाब, सिक्स लगाकर तोड़ा सोलर पैनल

Rishabh Pant IND vs SL 2nd Test: कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने एक बार फिर अपने विस्फोटक अंदाज से सभी को हैरान कर दिया है।

पहले दिन कलाई में चोट लगने के बाद रिटायर्ड हर्ट हुए पंत ने दूसरे दिन मैदान पर वापसी की और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा (Lahiru Kumara) की गेंद पर 95 मीटर लंबा गगनचुंबी छक्का जड़ा। पंत का यह शॉट इतना ताकतवर था कि गेंद सीधे स्टेडियम की छत पर जाकर गिरी और वहां लगे सोलर पैनल (Solar Panel) को क्षतिग्रस्त कर दिया।

उसी बाउंसर पर दिया करारा जवाब

मैच के पहले दिन लाहिरू कुमारा की ही एक तीखी बाउंसर पंत की कलाई पर लग गई थी, जिसके कारण उन्हें दर्द से कराहते हुए मैदान छोड़ना पड़ा था। लेकिन दूसरे दिन क्रीज पर लौटते ही पंत ने विरोधी गेंदबाजों के हौसले पस्त कर दिए।

भारतीय पारी के 90वें ओवर में लाहिरू कुमारा ने राउंड द विकेट आकर पंत को लेग साइड में तीखी बाउंसर फेंकी। इस बार पंत पूरी तरह तैयार थे; उन्होंने तुरंत पोजिशन बनाई और फाइन लेग की दिशा में ऐसा कड़ा पुल शॉट खेला कि गेंद 95 मीटर दूर उड़ती हुई सीधे छत पर जा पहुंची।

सोलर पैनल टूटा

रिप्ले में साफ देखा गया कि गेंद स्टेडियम की छत पर स्थापित सोलर पैनल से टकराई, जिससे सोलर पैनल में बड़ा डेंट आ गया और वह टूट गया। इस गगनचुंबी छक्के को देखकर मैदान में मौजूद दर्शक और खिलाड़ी दंग रह गए।

मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर रसेल अर्नोल्ड ने हंसते हुए चुटकी ली कि अगर स्टेडियम का कोई एयर कंडीशनर (AC) अचानक काम करना बंद कर दे, तो उसके जिम्मेदार ऋषभ पंत ही होंगे।

ये भी पढ़े-IND vs SL: ‘मेरा काम ट्रॉफी जीतना है, लाइक्स-व्यूज नहीं’, आलोचकों पर भड़के गौतम गंभीर

धोनी का रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त

इस जुझारू पारी के दौरान ऋषभ पंत ने विदेश में या न्यूट्रल वेन्यू पर बतौर भारतीय विकेटकीपर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने का एमएस धोनी (MS Dhoni) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। पंत ने विदेश में टेस्ट रनों के मामले में धोनी (2,496 रन) को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

ये भी पढ़े-त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने रचा इतिहास, BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल पक्का

Back to top button