
भिखारिन के मरने के बाद घर में मिला खजाना…
Karnataka News: कर्नाटक के मांड्या में एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसके घर से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। महिला की पहचान हूर के रूप में हुई है। वह कई वर्षों से मांड्या की एक मस्जिद के बाहर बैठकर भीख मांगती थीं। उनकी मौत के बाद जब घर की तलाशी ली गई तो बोरियों में भरे नोट और सिक्के देखकर पड़ोसी भी हैरान रह गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला मांड्या शहर के गुट्टालु लेआउट में रहती थीं। वह लंबे समय से मस्जिद के बाहर बैठकर लोगों से मदद मांगती थीं। बताया जाता है कि हूर अक्सर लोगों से कहती थीं कि उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है और इसी वजह से उन्हें अपना खर्च चलाने के लिए भीख मांगनी पड़ती है।
बोरियों में मिले नोट और सिक्के
महिला की मौत के बाद जब उनके छोटे से घर की सफाई और तलाशी शुरू हुई तो वहां कई बोरियां मिलीं। इन बोरियों में बड़ी संख्या में सिक्के और नोट रखे हुए थे। नकदी की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसकी गिनती के लिए करीब 25 लोगों को जुटना पड़ा।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, करीब 20 बोरियों में जमा नकदी की गिनती की गई। शुरुआती गिनती में रकम 30 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि कुल रकम 30 से 40 लाख रुपये के बीच हो सकती है।
यह भी पढ़ें…
केमिकल से ‘ब्लैक मनी’ व्हाइट, वर्षों से अरबों की ठगी
सालों की भीख से जमा हुई रकम?
हूर की जिंदगी का बड़ा हिस्सा मस्जिद के बाहर भीख मांगते हुए गुजरा। रोजाना मिलने वाले नोट और सिक्कों में से उन्होंने कितनी रकम बचाई और कब से उसे जमा कर रही थीं, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
महिला के घर से इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पड़ोसियों के लिए भी यह हैरान करने वाला था कि जिस महिला को वे वर्षों से मस्जिद के बाहर भीख मांगते देखते थे, उसके घर में इतनी बड़ी रकम जमा थी।
फिलहाल नकदी की वास्तविक राशि और उसके स्रोत को लेकर आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने आना बाकी है। मामले में आगे की जांच और नकदी की विस्तृत गिनती के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
यह भी पढ़ें…





