बारिश से बेहाल दिल्ली! एयरपोर्ट पर 18 फ्लाइट रद्द, 146 में देरी; कई सड़कें जलमग्न

Delhi Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में लगातार तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम, दिल्ली एयरपोर्ट पर 18 उड़ानें रद्द और 146 में देरी; मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया।

Delhi: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। लगातार बारिश के कारण राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई इलाकों में वाहन रेंगते नजर आए और लोग लंबे जाम में फंसे रहे। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर 18 उड़ानें रद्द, 146 लेट
भारी बारिश और खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को 18 उड़ानें रद्द की गईं, जबकि 146 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।

सड़कों पर जलभराव, कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित
भारी बारिश के बाद दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में पानी भर गया। एम्स के पास फ्लाईओवर लूप पर जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। इसके अलावा फिरोजशाह रोड, केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन और किशनगंज समेत कई इलाकों में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली।

बारिश के कारण दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी भारी ट्रैफिक जाम की सूचना है। सड़कों पर पानी जमा होने और वाहनों की धीमी रफ्तार के चलते यात्रियों को काफी समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

यह भी पढ़ें…

Delhi में फर्जी CBI छापेमारी का खेल, पुलिस ने सात आरोपियों को दबोचा…

बाबा बड़क सिंह मार्ग पर भी भरा पानी
कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल के पास स्थित बाबा बड़क सिंह मार्ग पर भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। यहां जलभराव के बीच वाहन गुजरते नजर आए।

वहीं, आजाद मार्केट रेलवे अंडरपास में पानी भरने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें…

Delhi Police कांस्टेबल का फिजिकल टेस्ट टला, बारिश के चलते बदली परीक्षा की तारीख

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अभी बारिश का दौर जारी रह सकता है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले रास्तों से बचने की अपील कर रहे हैं।

बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर में सड़क यातायात से लेकर हवाई सेवाओं तक प्रभावित हुई हैं। ऐसे में लोगों को मौसम और ट्रैफिक अपडेट देखते हुए ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें…

तिहाड़ जेल में बंद पूर्व सांसद सज्जन कुमार का निधन, 1984 दंगा मामले में थे दोषी…

Back to top button