Nepal Flood: नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही, कैमरे में कैद हुआ डरावना मंजर

Nepal Flood: नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार तड़के भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। बाढ़ के पानी ने नदी किनारे बसे इलाकों और कई महत्वपूर्ण ढांचों को नुकसान पहुंचाया है। इसके बाद बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया है। रसुवा जिले के नदी किनारे बसे कई इलाकों में इसका असर देखने को मिला। घटना स्थल पर हेलिकॉप्टर भेजे गए हैं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।

उत्तरगया ग्रामीण नगरपालिका की उपाध्यक्ष चमेली गुरुङ के मुताबिक करीब एक दर्जन बस्तियां प्रभावित हुई हैं। इस तबाही के मंजर में 1000 लोगों के बहने की आशंका है। हालांकि, अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। इनमें स्याफ्रुबेसी, बेत्रावती, मैलुंग, सल्लेतार, शांतिबाजार, पैरेबेसी, खल्ती बस्ती, सोले, त्रिशूली और बट्टार जैसे इलाके शामिल हैं।

बाढ़ का कारण स्पष्ट नहीं

काठमांडू पोस्ट ने रसुवा के प्रमुख जिला अधिकारी नरेंद्र परियार के हवाले से कहा है कि बाढ़ का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में बिल्कुल बारिश नहीं हुई है और मौसम साफ है। प्रशासन का कहना है कि लोगों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती रिपोर्ट्स से भारी नुकसान की बात सामने आ रही है।

अचानक आया सैलाब

स्थानीय निवासी अजय श्रेष्ठ ने बताया कि पानी का बहाव इतना तेज था कि मानो अचानक कोई बांध टूट गया हो। इस बाढ़ में चिलिमे हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट समेत कई अन्य जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है। नदी के बहाव को देखते हुए नुवाकोट और धाडिंग जिलों के निचले इलाकों पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

ये भी पढ़े-इस्लामाबाद के अस्पताल में लगी आग, 15 नवजात की मौत

काठमांडू वापस लौटा रेस्क्यू हेलीकॉप्टर

बाढ़ और भूस्खलन के कारण तिमुरे में फंसे लोगों को बचाने के लिए भेजा गया एल्टीट्यूड एयर का एक हेलीकॉप्टर बिना लैंड किए ही वापस काठमांडू लौट आया। पायलट ने बताया कि बाढ़ के तेज बहाव में तिमुरे का स्थानीय हेलीपैड पूरी तरह बह गया है, जिससे वहां उतरने के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं बची। आसमान से देखने पर पूरा तिमुरे गांव बाढ़ और मलबे के कारण लगभग दिखाई ही नहीं दे रहा था।

ये भी पढ़े-मोहन भागवत से न्यूयॉर्क के मेयर खफा

Back to top button